सदर अस्पताल में हंगामा: डॉक्टर से मारपीट, 15–20 लोगों पर FIR दर्ज
लातेहार : सदर अस्पताल लातेहार में इलाज के दौरान हंगामा और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार अहले सुबह की बताई जा रही है। अस्पताल उपाधीक्षक अमूल्या गुलाब लकड़ा के अनुसार, आरा गांव निवासी राजू यादव (पिता- गणेश यादव) पेट दर्द की शिकायत लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा था।ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अनुपम कुमार ने मरीज का प्राथमिक उपचार करते हुए दवा दी, लेकिन जब तुरंत राहत नहीं मिली तो मरीज के साथ आए करीब 20–25 लोग भड़क उठे। आरोप है कि सभी ने डॉक्टर के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।स्थिति तब और बिगड़ गई जब ड्यूटी पर मौजूद ड्रेसर राजदेव कुमार और अजीत कुमार के साथ-साथ वहां तैनात पुलिसकर्मियों के साथ भी बदसलूकी की गई। यहां तक कि डॉक्टर और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने की कोशिश भी की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी मरीज को लेकर वहां से फरार हो चुके थे। इस संबंध में डॉक्टर की शिकायत पर राजू यादव (पिता- बनवारी यादव), मुकेश यादव (पिता- लालधारी यादव, दोनों बारी चंदवा) समेत 15–20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में थे और किसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए लातेहार आए थे। थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
रिपोर्टर : बब्लू खान


No Previous Comments found.