परिश्रम से हर राह आसान होती है: तृप्ति भारती
लातेहार- जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, लातेहार में शनिवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस मौके पर इस वर्ष सीबीएसई 10 वीं बोर्ड मेंं विद्यालय के टॉप फाइब छात्रों को सम्मानित किया गया. मौके पर संबोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्य तृप्ति भारती ने कहा कि परिश्रम से हर राह आसान होती है. उन्होने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए परिश्रम के अलावा कोई विकल्प नहीं है. जो दृढ़ निश्चय के साथ अध्ययन करते हैं सफलता उन्हें अवश्य मिलती है. कम अंक लाने वाले छात्रो की हौसला अफजाई करते हुए उन्होने कहा कि कम या अधिक अंक किसी की सफलता का आंकलन नहीं हो सकता है. अंक किसी व्यक्ति की पूरी क्षमता या भविष्य की सफलता को तय नहीं करते. कई बार ऐसा देखा गया है कि जो छात्र पढ़ाई में औसत या कम अंक लाते हैं, वे आगे चलकर अपने मेहनत, आत्मविश्वास और सही अवसरों के कारण बहुत बड़ी सफलता हासिल करते हैं. कार्यक्रम को विद्यालय प्रबंधक पीके गुप्ता ने भी संबोधित किया. उन्होने भी सफलता के कई मंत्र दिये. उन्होने एक लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की बात कही. कहा कि बिना लक्ष्य के मेहनत अक्सर बिखर जाती है. उन्होने समय प्रबंधन पर ध्यान देने की बात कही. कहा कि समय सबसे कीमती संसाधन है. इसे सही दिशा में लगाना सफलता तय करता है. कार्यक्रम में जिला टॉपर करण कुमार के अलावा प्रितम कुमार गुप्ता, उज्जवल कुमार सोनी, प्रितम कुमार व नेहा कुमार को सम्मानित किया गया. विद्यालय प्रबंधन के द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र व अन्य उपहार भेंट किये गये. मौके पर वरीय शिक्षक नरेंद्र पांडेय, दशरथ सिंह, एवलिन मिंज, सौम्या मिश्रा, आकृति कुमारी, अभय पाठक व रूपेश सर समेंत अन्य कई शिक्षक व शिक्षिकायें मौजूद थीं.
संवाददाता -बब्लू खान


No Previous Comments found.