मॉडल स्कूल बालूमाथ में चोरी, लाइटनिंग अरेस्टर उखाड़ ले गए चोर

बालूमाथ प्रखंड - धाधु पंचायत स्थित मॉडल स्कूल बालूमाथ में शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने विद्यालय परिसर में लगे तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) की चोरी कर ली। इस घटना से विद्यालय प्रबंधन में चिंता का माहौल है।

इस संबंध में विद्यालय के प्राचार्य विजय कुमार ने बालूमाथ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को नियमित पठन-पाठन के बाद सभी शिक्षक अपने घर चले गए थे। शनिवार सुबह जब वे विद्यालय पहुंचे तो देखा कि तड़ित चालक टूटा हुआ है और उसका हिस्सा गायब है।

प्राचार्य ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। करीब एक वर्ष पहले भी विद्यालय परिसर से ट्रांसफार्मर की चोरी हो चुकी है, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील करते हुए कहा कि विद्यालय में क्षेत्र के बच्चों की पढ़ाई होती है, इसलिए इसकी सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के इस मंदिर में चोरी होना बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ के समान है।
इधर, बालूमाथ थाना पुलिस ने प्राचार्य के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संवाददाता - मोहम्मद अरबाज

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.