ओकिया गांव में रुद्र महायज्ञ का भव्य समापन, 10 हजार श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की परिक्रमा
बालूमाथ - प्रखंड के ओकिया गांव में आयोजित श्री शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा सह सात दिवसीय रुद्र महायज्ञ का समापन पूर्णाहुति और संतों की विदाई के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हो गया। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली।
महायज्ञ की शुरुआत 18 अप्रैल को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुई थी। समापन के दिन यज्ञशाला में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह 5 बजे से ही महिला और पुरुष श्रद्धालु कतारबद्ध होकर यज्ञ मंडप की परिक्रमा करते नजर आए। बताया गया कि 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने यज्ञशाला की परिक्रमा कर अपनी गहरी आस्था प्रकट की।
श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए 51 से लेकर 1001 बार तक परिक्रमा की। महायज्ञ के दौरान शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान के साथ संपन्न कराई गई। इस अवसर पर गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसमें श्रद्धालु बैंड-बाजे की धुन पर झूमते नजर आए। “हर-हर महादेव”, “ओम नमः शिवाय” और “जय श्रीराम” के जयघोषों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम के तहत 20 अप्रैल से 24 अप्रैल तक प्रसिद्ध कथावाचक सीता शरण जी द्वारा श्रीराम कथा का वाचन किया गया, जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
इस आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष अखिलेश साव के नेतृत्व में देवेंद्र साव, सुरेंद्र कुमार यादव, सत्यदेव पाठक, मनोज पाठक, प्रमोद साव, बिपिन यादव, राजकिशोर साव, राजेंद्र साव, बंधन साहू, नंदकिशोर साव, आकाश साव, अजय यादव, आशुतोष पाठक, संतोष यादव, कार्तिक साव, झंटू साव, आचार्य रमेश देव, पौराणिक राजेश पाठक सहित कई लोगों की सराहनीय भूमिका रही।
संवाददाता - मोहम्मद अरबाज

No Previous Comments found.