तेतरियाखाड कोलियरी में हाइवा संचालन का ग्रामीणों ने किया विरोध
बालूमाथ : प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सीसीएल द्वारा संचालित तेतरियाखाड कोलियरी में सोमवार को हाइवा वाहन चलाने को लेकर ग्रामीणों ने कड़ा विरोध जताया। जानकारी के अनुसार, पीएनएलएम कंपनी द्वारा फेस-टू-साइडिंग कोलियरी से बालूमाथ सीसीएल साइडिंग तक कोयला परिवहन किया जाना है । जिसको लेकर कंपनी द्वारा पांच की संख्या में हाईवा मंगाया गया था और उसे कोलियरी में लोड करने का प्रयास किया जा रहा था । जिसका ग्रामीणों ने कड़ा विरोध जताया और हाईवा को लोडिंग होने से रोक दिया ।ग्रामीणों का कहना है कि जिस रास्ते से हाइवा चलाने की योजना बनाई जा रही है, उसमें लगभग 34 एकड़ भूमि स्थानीय रैयतों की है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी परिस्थिति में वे अपनी जमीन से हाइवा का संचालन नहीं होने देंगे।इस संबंध में ग्रामीणों ने तेतरियाखांड पिकेट प्रभारी को आवेदन सौंपते हुए कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि पीएनएलएम कंपनी पिछले 5 वर्षों से कोयला निकासी का कार्य कर रही है, लेकिन इस दौरान कोयले की गुणवत्ता निम्न स्तर की रही है। आरोप है कि कोयले में मिट्टी और पत्थर मिलाकर निकासी की जा रही है, जिससे कोयले का मूल्य प्रभावित हुआ है और लगभग 700 ट्रकों से जुड़े लोगों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई कि कंपनी जानबूझकर कोयले में आग लगाकर अपने हित साधने और ग्रामीणों पर झूठे मुकदमे दर्ज कराने की साजिश कर सकती है। साथ ही, एसटी/एससी कानून के नाम पर डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पिछले 35 वर्षों से सड़क की समुचित व्यवस्था नहीं है और सीसीएल का संचालन अब तक ग्रामीणों के सहयोग से ही होता आया है।वर्तमान में कंपनी द्वारा 10 वर्षों की अवधि का नया टेंडर अत्यंत कम दर पर लिए जाने पर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कंपनी ट्रकों को बंद कर अपने निजी वाहनों को बढ़ावा देना चाहती है।ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है । ताकि संभावित विवाद और तनाव की स्थिति से बचा जा सके। वही ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी जिस हाईवा से कोयला ढुलाई करना चाह रही है वह पूर्व में कोयला रेजिंग के नाम पर मंगाया गया था लेकिन अब उसे कंपनी साजिश के तहत परिवहन में इस्तेमाल करना चाह रही है । मौके पर बाली यादव, दिनेश यादव,रविंद्र यादव, कमलेश सिंह, अजीत कुमार, दीपु गुप्ता, हीरालाल यादव, प्रभु साव, परदेशी राम, निरंजन कुमार, जितेंद्र यादव, अजय साव, कुलदीप यादव, अशोक यादव, राकेश कुमार, गुड्डू कुमार, बीरू कुमार, पिंटू कुमार, पप्पू यादव, अरविंद यादव, वीरेंद्र यादव,मंटू साव,सकलदीप कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।
रिपोर्टर : मो० अरबाज

No Previous Comments found.