बालूमाथ में कार पिकअप बाईक की भिड़ंत में नौ घायल, एक रिम्स रेफर
बालूमाथ : बालूमाथ-चतरा मुख्य पथ एनएच 22 पर बरछिया ग्राम के पास भीषण सड़क हादसे में कार, पिकअप और बाइक की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में तीनों वाहनों पर सवार कुल 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया। मिली जानकारी के अनुसार,एक अर्टिगा कार कोडरमा के तिलैया डैम के पास गांव से डालटेनगंज शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बारियातू थाना(बरछिया ग्राम)के समीप कार ने पहले एक बाईक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा से आ रही पिकअप वाहन से जा भिड़ी। इस हादसे में कार सवार 60 वर्षीय सकलदेव भारती, 40 वर्षीय अनिल गिरी, 12 वर्षीय जलेसर गिरी, 13 वर्षीय अमित गिरी और 15 वर्षीय राकेश गिरी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बाईक पर सवार 15 वर्षीय रूपलाल गंझू , 10 वर्षीय राहुल कुमार और 8 वर्षीय सुनील कुमार भी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बाईक पर सवार तीनों बच्चे नाबालिग हैं और एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। दुर्घटना में पिकअप चालक 25 वर्षीय दीपक गुप्ता को भी गंभीर चोटें आई हैं। बताया जाता है कि पिकअप वाहन धनगड्ढा टंडवा से बारियातू टोटी हेसला बाजार की ओर आ रहा था। घटना के बाद बारियातू पुलिस की मदद से सभी घायलों को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉ सुरेंद्र प्रसाद के द्वारा सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल रूपलाल गंझू को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर बारियातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया।
रिपोर्टर : मो० अरबाज

No Previous Comments found.