पत्रकार पर हमले के विरोध में लातेहार में उबाल, सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
लातेहार : हजारीबाग में पत्रकार के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर लातेहार के पत्रकारों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। इस घटना को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला बताते हुए प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन उपायुक्त, लातेहार के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि हाल ही में हजारीबाग के पत्रकार शिवम सोनी के साथ झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की उपस्थिति में मारपीट की घटना हुई, जिससे पूरे राज्य के पत्रकारों में रोष और चिंता व्याप्त है।प्रेस क्लब ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं पत्रकारों की स्वतंत्र और निष्पक्ष कार्यशैली को प्रभावित करती हैं। पत्रकार समाज का आईना होते हैं और उनका दायित्व है कि वे जनता तक सच्चाई पहुंचाएं। यदि वे ही असुरक्षित महसूस करेंगे तो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ेगा। पत्रकारों ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित पत्रकार को न्याय दिलाने की मांग की है। विरोध स्वरूप लातेहार के सभी पत्रकारों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर काला बिल्ला लगाकर काम किया।इस दौरान वरीय पत्रकार बद्री प्रसाद, आशीष टैगोर, प्रेस क्लब अध्यक्ष विकास तिवारी, सचिव राजीव मिश्रा, रामकुमार मिस्त्री, विवेक सिन्हा, मनीष सिन्हा, रुपेश कुमार, आशीष बैध, विभूति नाथ सिंह, निहित कुमार एवं संतोष कुमार सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।
रिपोर्टर - बब्लू खान

No Previous Comments found.