चंदवा में मजदूर एकता की गूंज: सरहुल मैदान में सम्मान समारोह, शहीदों को नमन और हक की लड़ाई का संकल्प

लातेहार : चंदवा। सरहुल मैदान, चंदवा में झारखंड दैनिक मजदूर यूनियन, चंदवा के तत्वावधान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोहम्मद अलाउद्दीन पप्पू ने की, जबकि संचालन धनेश्वर तुरी ने किया। समारोह की शुरुआत साथी गुरमीत जी द्वारा लाल झंडा फहराकर की गई। इसके बाद सभी साथियों ने शहीद वेदी पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।कार्यक्रम में भारतीय जनगणना संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश गुरमीत सिंह और यूनियन अध्यक्ष प्रमोद साहू ने सक्रिय साथियों को अंगवस्त्र और लाल झंडा देकर सम्मानित किया। इस दौरान ईपटा से जुड़े प्रेम प्रकाश ने जनगीत प्रस्तुत करते हुए मजदूरों में जोश भर दिया।सभा को संबोधित करते हुए यूनियन अध्यक्ष प्रमोद साहू ने मई दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन मजदूरों के संघर्ष, बलिदान और अधिकारों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि मजदूरों ने अपने संघर्ष से 8 घंटे काम, 8 घंटे आराम और 8 घंटे मनोरंजन का अधिकार हासिल किया। उन्होंने मजदूर वर्ग की एकता पर जोर देते हुए वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों पर भी चिंता जताई।साथी गुरमीत जी ने मजदूर दिवस को अंतरराष्ट्रीय संघर्ष और शहादत का प्रतीक बताया। वहीं अध्यक्षता कर रहे मोहम्मद अलाउद्दीन ने सिकनी कोलियरी के दो वर्षों से बंद रहने पर चिंता जताते हुए सभी मजदूर संगठनों को एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया मजदूर दिवस मना रही है, तब सिकनी के मजदूरों के घरों में चूल्हे तक नहीं जल रहे हैं।

सभा के बाद ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ एक विशाल रैली निकाली गई, जो मुख्य बाजार का भ्रमण करते हुए संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में मजदूरों और महिलाओं की भागीदारी रही।
कार्यक्रम में अनिल साहू, ओम प्रकाश साहू, बाबूलाल गंझू, नंदलाल सिंह, अहलाद यादव, राजेंद्र तुरी, राजेश शर्मा, अल्बर्ट उरांव, आनंद मासी कुजूर, सुनील उरांव, गोविंद गंझू, अख्तर हुसैन, संजय गोप, सावित्री देवी, पार्वती देवी, कुंती देवी, नेहा कुमारी, पुष्पा देवी, सुभांति कुमारी, सुनीता कुमारी सहित कई लोगों ने अपने विचार रखे।
समारोह मजदूर एकता, संघर्ष और अधिकारों के प्रति जागरूकता का मजबूत संदेश देकर संपन्न हुआ।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.