बालूमाथ में हाईवा की चपेट में युवक की मौत, मुआवजे के बाद हटा जाम

बालूमाथ-  प्रखंड मुख्यालय स्थित हीरो मोटरसाइकिल शोरूम के समीप रविवार की अहले सुबह 5:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोयला लोड हाईवा वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान साजिद अंसारी (40 वर्ष) पिता सिफारत मियां, ग्राम बिजरा थाना हेरहंज निवासी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार साजिद अंसारी अपने मोटरसाइकिल से मगध कोलियरी की ओर से जलावन के लिए कोयला लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बालूमाथ-रांची मुख्य पथ संख्या 22 पर हीरो शोरूम के समीप जेएच 02बीजेड 7713 नंबर की कोयला लोड हाईवा ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हाईवा वाहन को जब्त कर लिया। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बालूमाथ-रांची मुख्य पथ संख्या 22 को बालूमाथ थाना चौक के समीप जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीण मृतक के परिजनों को नौकरी और मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। जहां थाना परिसर में वाहन मालिक एवं ट्रांसपोर्ट कंपनी के साथ वार्ता हुई, जिसमें परिजनों को 5 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी। इसके बाद सुबह करीब 7:30 बजे से लगा जाम दोपहर 1:30 बजे 6 घंटे बाद समाप्त हो सका। मौके पर प्रभारी थाना प्रभारी अमित कुमार, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप गंझु, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष आमिर हयात, हेरहंज कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष लाडले खान, मो० नूर समेत कई लोग उपस्थित थे।

मो० अरबाज | बालूमाथ 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.