झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की बैठक संपन्न, 17 मई के प्रमंडलीय सम्मेलन की तैयारी तेज
लातेहार : सोमवार को चंदनडीह में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवनियुक्त जिला अध्यक्ष विश्वनाथ प्रसाद ने की, जबकि मंच संचालन वीरेंद्र ठाकुर ने किया। बैठक में संगठन की मजबूती, आंदोलनकारियों के अधिकार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से आगामी 17 मई 2026 को पलामू प्रमंडल में आयोजित होने वाले प्रमंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारी पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान निर्णय लिया गया कि लातेहार जिले से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके लिए एक विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिला अध्यक्ष विश्वनाथ प्रसाद ने कहा कि यह सम्मेलन आंदोलनकारियों की आवाज को मजबूत करने का एक बड़ा मंच साबित होगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की। बैठक में झारखंड आंदोलनकारियों के मान-सम्मान, नियोजन और पेंशन से जुड़े मुद्दों पर भी गंभीर चर्चा हुई
विश्वनाथ प्रसाद ने झारखंड सरकार से मांग करते हुए कहा कि आंदोलनकारियों को शीघ्र सम्मान दिया जाए तथा उनकी योग्यतानुसार तृतीय एवं चतुर्थ वर्ग की नौकरियों में नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने राज्य निर्माण के लिए संघर्ष किया, उन्हें आज भी उनके अधिकारों से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने लातेहार उपायुक्त से मांग की कि जिले में सूचीबद्ध सभी आंदोलनकारियों को सम्मानित करने के लिए एक विशेष समारोह आयोजित किया जाए।बैठक के दौरान संगठन विस्तार पर भी विशेष जोर दिया गया। इस क्रम में कई पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। रामनाथ भोक्ता (बरियातू) को संयुक्त सचिव, अनिल मनोहर एवं बरतु राम को जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके अलावा कई सक्रिय सदस्यों को जिला कार्यकारिणी में शामिल कर संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाया गया।जिला कार्यकारिणी में शामिल किए गए सदस्यों में राजू उरांव, इंद्रदेव भगत, दशरथ सिंह, अली हुसैन, किरानी उरांव, सुरेश उरांव, वीरेंद्र उरांव, जीतराम उरांव, बलराम उरांव, मंगलदेव प्रधान, संदीप उरांव, शुक्र गंजू, राधिका पासवान, प्रदीप सिंह, रामजन्म उरांव, दिलीप सिंह, बंधू सिंह और विष्णु अमृत गंजू उरांव प्रमुख हैं।बैठक में अर्जुन चंद्रवंशी, प्रसाद प्रधान, दयानंद पांडेय, मंगलदेव राव, राजीव राव, डॉ. इंद्रदेव भगत, हीरा सिंह, कन्हाई सिंह, सत्येंद्र उरांव, फूलों देवी, शिवनाथ मेहता, सतेंद्र भगत, रविंद्र उरांव समेत कई आंदोलनकारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में संगठन को मजबूत बनाने और आंदोलनकारियों के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर : बब्लू खान


No Previous Comments found.