बारेसांड़ में लगातार सर्प रेस्क्यू से बढ़ी जागरूकता, वन विभाग की सक्रियता सराहनीय
गारू : बारेसांड़ क्षेत्र में पिछले दो दिनों से वन विभाग और स्थानीय रेस्क्यू टीम की सक्रियता के चलते लगातार सफल सर्प रेस्क्यू के मामले सामने आए हैं। इन प्रयासों से न सिर्फ लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है, बल्कि ग्रामीणों में सांपों के प्रति जागरूकता भी तेजी से बढ़ी है।आज सुबह तेतर सिंह के घर के खपरैल छप्पर पर कॉमन ब्रॉन्जबैक ट्री स्नेक (Dendrelaphis tristis) दिखाई दिया। सांप को देखकर घर के बच्चे और महिलाएं घबरा गईं। सूचना मिलते ही वनपाल परमजीत तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि यह सांप विषैला नहीं होता और इससे डरने की आवश्यकता नहीं है। इसके बाद टीम ने सुरक्षित तरीके से सांप का रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया।
इसी तरह, एक दिन पूर्व लालमटिया निवासी करमजीत सिंह के घर में एक रैट स्नेक घुस आया था। इस सांप को भी टीम द्वारा सावधानीपूर्वक पकड़ा गया और उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
इन दोनों रेस्क्यू अभियानों में वनपाल परमजीत तिवारी के साथ वरदान भगत, ट्रैकर सह सर्प रेस्क्यू एक्सपर्ट अमन प्रसाद, धनेश्वर यादव, वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर शेरा प्रसाद, वन्यजीव प्रेमी पवन गुप्ता, आकाश प्रसाद सहित अन्य स्थानीय ग्रामीणों की अहम भूमिका रही।
वनपाल परमजीत तिवारी ने कहा कि इन घटनाओं से यह स्पष्ट होता है कि सही जानकारी और जागरूकता के माध्यम से मानव और वन्यजीवों के बीच संतुलन स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि सांप पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और वे हमारे दुश्मन नहीं, बल्कि प्रकृति के आवश्यक हिस्से हैं।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि सांप दिखने पर घबराने या उन्हें नुकसान पहुंचाने के बजाय वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचित करें, ताकि उन्हें सुरक्षित तरीके से उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।
क्षेत्र में बढ़ती जागरूकता इस बात का सकारात्मक संकेत है कि अब लोग वन्यजीवों के संरक्षण को समझने लगे हैं और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार कर रहे हैं।
रिपोर्टर : बब्लू खान

No Previous Comments found.