बरवाडीह में बड़ा हादसा, स्कूल का छज्जा गिरा—दो छात्राएं गंभीर

बरवाडीह में बड़ा हादसा, स्कूल का छज्जा गिरा—दो छात्राएं गंभीर, शिक्षा विभाग पर लापरवाही का आरोप

 

बरवाडीह प्रखंड-  क्षेत्र के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय लुहूर में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। विद्यालय भवन का जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां मध्यान्ह भोजन कर रहे लगभग आधा दर्जन छात्र-छात्राएं घायल हो गए।घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बच्चे चीखते-चिल्लाते इधर-उधर भागने लगे, वहीं शिक्षक और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गए।

दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल

हादसे में कक्षा पांच की छात्रा काजल कुमारी और दिव्या कुमारी को गंभीर चोटें आई हैं। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक दिलकेश्वर यादव ने तत्परता दिखाते हुए दोनों छात्राओं को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।वहां मौजूद डॉक्टर मंटू कुमार और ड्रेसर बबलू द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। अन्य घायल बच्चों को भी हल्की चोटें आई हैं, जिनका इलाज किया गया।


 पहले से जर्जर था भवन, दिख रही थीं दरारें

स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्ष 2004 में बना यह विद्यालय भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। छज्जा और छत में बड़ी-बड़ी दरारें पहले से दिखाई दे रही थीं, लेकिन इसके बावजूद बच्चों को उसी जगह बैठाकर मध्यान्ह भोजन कराया जा रहा था।बुधवार को भी बच्चे बरामदे में बैठकर भोजन कर रहे थे, तभी अचानक छज्जा गिर पड़ा और यह हादसा हो गया।


 अभिभावकों का फूटा गुस्सा

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंच गए और शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।अभिभावकों का कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण बच्चों की जान खतरे में डाली जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जर्जर भवन की मरम्मत नहीं कराई गई।

 अन्य स्कूल भी खतरे की जद में

यह घटना केवल लुहूर विद्यालय तक सीमित नहीं है। बरवाडीह प्रखंड के कई अन्य विद्यालय भी जर्जर हालत में हैं और कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।प्रखंड मुख्यालय स्थित बालक उच्च विद्यालय प्लस टू की स्थिति भी बेहद खराब है, जहां छज्जा और छत के हिस्से लगातार टूटकर गिरते रहते हैं। इसके अलावा सरईडीह मध्य विद्यालय, कुटमू विद्यालय समेत कई स्कूलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।


प्रशासन से कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर विद्यालय भवनों की तत्काल मरम्मत कराई जाए या नए भवन का निर्माण कराया जाए।लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।

रिपोर्टर - बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.