एनटीपीसी जनसुनवाई के खिलाफ ग्रामीणों में आक्रोश, विरोध तेज
बालूमाथ : बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र में प्रस्तावित नॉर्थ धाधू कोल ब्लॉक से जुड़ी प्रदूषण नियंत्रण पर्षद की जनसुनवाई को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। आजसू प्रखंड अध्यक्ष शंकर उरांव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर 1 जून 2026 को प्रखंड कार्यालय में आयोजित होने वाली जनसुनवाई का जोरदार विरोध करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि इस जनसुनवाई से गेरेंजा, भैंसादोन, पिंडरकॉम, मारंगलोईया और बिशनपुर गांव सीधे प्रभावित होंगे। जहां के कई ग्रामीण विस्थापन के कगार पर हैं. शंकर उरांव ने आरोप लगाया कि एनटीपीसी कंपनी सुनियोजित तरीके से जनसुनवाई विस्थापित क्षेत्र के बजाय प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में आयोजित कर रही है। ताकि प्रभावित लोगों की भागीदारी सीमित रह सके, उन्होंने आशंका जताई कि जनसुनवाई में बाहरी लोगों को शामिल कर प्रक्रिया को औपचारिकता में बदला जा सकता है, जो नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनसुनवाई को रद्द नहीं किया गया, तो क्षेत्र में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। शंकर उरांव ने लातेहार उपायुक्त से जनसुनवाई को तत्काल रद्द कर प्रभावित गांवों में पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आयोजन सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों से जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की है।
रिपोर्टर : मो० अरबाज


No Previous Comments found.