बालूमाथ में अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया की प्रदेश स्तरीय बैठक संपन्न, संगठन विस्तार पर जोर
बालूमाथ : लातेहार जिले के बालूमाथ प्रखंड में अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया की प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक लोकसभा चतरा क्षेत्र के पूर्व सांसद प्रत्याशी सह लोकसभा प्रभारी विमल लकड़ा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने, ग्रामीण क्षेत्रों तक विचारधारा पहुंचाने तथा आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक के मुख्य अतिथि प्रदेश महासचिव लाल मांझी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की मूल भावना को लेकर लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ना होगा।उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा से अवगत कराने का आह्वान किया।प्रदेश महासचिव ने कहा कि यह पार्टी आज देश के 22 राज्यों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा चुकी है, जो संगठन की बढ़ती लोकप्रियता और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य समाज के दबे-कुचले, शोषित एवं वंचित वर्गों की आवाज बनना है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत बनाने की अपील की।सभा को संबोधित करते हुए लोकसभा प्रभारी सह पूर्व सांसद प्रत्याशी विमल लकड़ा ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं और उनके सहयोग से ही पार्टी नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।उन्होंने युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं से भी पार्टी से जुड़ने की अपील की।बैठक में पश्चिम सिंहभूम के लोकसभा प्रभारी योगेश कलौंडिया, रांची जिला प्रभारी संदीप मुंडा, प्रदेश सह सचिव ब्रह्मदेव राम, चतरा लोकसभा सचिव माहेश्वरी उरांव, सुरेश भगत,अधिक उरांव समेत कई पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे।वक्ताओं ने संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान तथा सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया।बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा आने वाले दिनों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
रिपोर्टर : मो० अरबाज

No Previous Comments found.