कोयला ढुलाई में व्यस्त सरकारें जनता की जान से कर रही खिलवाड़

लातेहार :  चंदवा स्थित टोरी रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण में हो रही भारी देरी को लेकर अब जनआक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। सामाजिक कार्यकर्ता रवि कुमार डे ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि तीन साल पहले बड़े-बड़े दावे और ऑनलाइन शिलान्यास किए गए, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होना जनता के साथ धोखा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरओबी निर्माण शुरू नहीं हुआ तो व्यापक जन आंदोलन छेड़ा जाएगा।शनिवार को चंदवा स्थित पथ निर्माण विभाग विश्रामागार में आयोजित प्रेस वार्ता में रवि कुमार डे ने कहा कि टोरी रेलवे क्रॉसिंग आज पूरे क्षेत्र के लिए सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है। रेलवे फाटक घंटों बंद रहने के कारण लंबा जाम लग जाता है, जिससे आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार एंबुलेंस भी जाम में फंस गई और समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाने के कारण मरीजों की मौत तक हो चुकी है। इसके बावजूद सरकार और रेलवे प्रशासन गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि तीन वर्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़े प्रचार-प्रसार के साथ ऑनलाइन आरओबी का शिलान्यास किया था। लोगों को उम्मीद जगी थी कि अब टोरी की वर्षों पुरानी समस्या दूर होगी, लेकिन आज तक न तो निर्माण एजेंसी सक्रिय हुई और न ही काम धरातल पर उतरा। इससे जनता में भारी नाराजगी है।रवि कुमार डे ने कहा कि टोरी रेलवे क्रॉसिंग से होकर रांची-चतरा राष्ट्रीय उच्च पथ गुजरती है, जिस कारण इस मार्ग पर वाहनों का अत्यधिक दबाव रहता है। हर दिन हजारों छोटे-बड़े वाहन, यात्री बसें और मालवाहक गाड़ियां इस रास्ते से गुजरती हैं। फाटक बंद होने पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है। स्कूल जाने वाले छात्र समय पर नहीं पहुंच पाते, व्यवसायियों का काम प्रभावित होता है और यात्रियों को घंटों परेशान होना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि रांची से हजारीबाग, औरंगाबाद और गया जाने वाली बसें भी इसी मार्ग से होकर गुजरती हैं। जाम के कारण यात्रियों को भीषण परेशानी का सामना करना पड़ता है। टोरी रेलवे क्रॉसिंग अब लोगों के लिए परेशानी और खतरे का प्रतीक बन चुकी है।
प्रेस वार्ता में रवि कुमार डे ने टोरी जंक्शन को “कोयला जंक्शन” बताते हुए कहा कि यहां से रेलवे और सरकार को अरबों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन यात्री सुविधाओं की घोर अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार कोयला ढुलाई पर ज्यादा ध्यान दे रही है, जबकि आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।उन्होंने टोरी जंक्शन के पश्चिम दिशा में बन रहे फुट ओवर ब्रिज का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग भी उठाई। साथ ही टोरी-शिवपुर रेलवे लाइन पर पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग करते हुए कहा कि इस रेलखंड पर केवल कोयले की ढुलाई हो रही है, जबकि आम यात्रियों के लिए अब तक एक भी सवारी ट्रेन नहीं चलाई गई। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।रवि कुमार डे ने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार और रेलवे प्रशासन जल्द ठोस कदम नहीं उठाते हैं तो जनता सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी और इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।प्रेस वार्ता में रवि कुमार रवि, रामवृक्ष प्रजापति, महेंद्र उरांव, शंकर बैठा और लव कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.