चंदवा के ग्लिटर त्रिवेणी पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया मातृ दिवस
चंदवा : स्थित ग्लिटर त्रिवेणी पब्लिक स्कूल में मातृ दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माताओं के आगमन एवं उनके भव्य स्वागत से हुई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के चरण धोकर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया, जिसने पूरे आयोजन को भावनात्मक, संस्कारपूर्ण एवं प्रेरणादायी बना दिया।
इसके पश्चात विद्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं कविता प्रस्तुतियों के माध्यम से माताओं के प्रति अपना प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त किया। साथ ही माताओं के लिए विशेष गतिविधियों एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिससे पूरा वातावरण उल्लास एवं आनंद से भर उठा।
इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका कादम्बरी सिंह ने मातृत्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के भीतर संस्कार, संवेदनशीलता एवं सामाजिक जिम्मेदारियों का विकास करने का माध्यम भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से माताओं के प्रति सम्मान, प्रेम एवं आदर की भावना को सदैव बनाए रखने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य हिमांशु सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में माता-पिता एवं गुरुजनों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और नैतिक मूल्यों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य बच्चों में नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों का समावेश करना, उन्हें समाज के प्रति सजग एवं भावनात्मक रूप से संवेदनशील बनाना तथा एक सशक्त, संस्कारित एवं जागरूक राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करना है। उन्होंने विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण में पारिवारिक संस्कारों एवं नैतिक मूल्यों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही विद्यालय के प्रशासक सुमंत सिंह की भूमिका भी सराहनीय रही, जिनके सहयोग एवं मार्गदर्शन से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में सभी माताओं को सम्मानित किया गया तथा उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस आयोजन ने विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों के बीच संबंधों को और अधिक सुदृढ़ एवं आत्मीय बनाने का कार्य किया।
रिपोर्टर : बब्लू खान


No Previous Comments found.