कोयला उठाव की मांग को लेकर ग्रामीणों ने निकाली रैली
बालूमाथ : सीसीएल द्वारा संचालित तेतरियाखाड कोलियरी के विस्थापितों ने जहरीली गैस से बचाव और जलते कोयले के जल्द उठाव की मांग को लेकर रविवार को विशाल रैली निकाली। रैली में सैकड़ों महिला-पुरुष शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने “जहरीली गैस से मुक्ति दिलाओ”, “जलते कोयले का उठाव करो” और “मूल विस्थापितों का हक छीनना बंद करो” जैसे नारे लिखी तख्तियां हाथों में ले रखी थीं। विस्थापित नेता सुरेश उरांव ने कहा कि कोलियरी में करीब 12 लाख टन कोयले का स्टॉक जमा है, जिसमें आग लगने से जहरीली गैस निकल रही है। इससे आसपास के ग्रामीण टीबी, दमा समेत कई बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को भी करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों ने ट्रक और हाईवा दोनों माध्यमों से कोयले का उठाव कराने की मांग की। रैली बिरसा भवन से शुरू होकर माइंस क्षेत्र होते हुए पीओ कार्यालय पहुंची, जहां ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन मैनेजर अजीत कुमार को सौंपा। मौके पर संतोष यादव, दिलमणि यादव, राजेश राम समेत कई लोग मौजूद थे।
रिपोर्टर : मो० अरबाज


No Previous Comments found.