सीओ पर भड़के विधायक कहा,आप गवर्नर है क्या, काम करने का मन नहीं है तो बालूमाथ छोड़ कर जाइए
बालूमाथ : बालूमाथ प्रखंड स्थित प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार में सोमवार को लातेहार विधायक प्रकाश राम द्वारा आयोजित जनता दरबार में जमीन मोटेशन एवं जमाबंदी से जुड़े मामलों को लेकर जमकर हंगामा देखने को मिला। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विधायक बालूमाथ अंचलाधिकारी बालेश्वर राम की कार्यशैली पर भड़क उठे और कड़ी फटकार लगाई। जनता दरबार में दिवाकरनगर निवासी लूरकी देवी, पति स्व. बंधन मिस्त्री ने शिकायत करते हुए बताया कि उनकी पांच डिसमिल जमीन को गलत तरीके से 24 डिसमिल दिखाकर मोतिउर रहमान के नाम लिखवा दिया गया तथा उसके नाम से रसीद भी काट दी गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इससे पूर्व भी धोखाधड़ी कर जमीन लिखवाने के संबंध में जनता दरबार में आवेदन दिया गया था, बावजूद इसके अंचल कार्यालय द्वारा मोटेशन कर दिया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक प्रकाश राम सीओ पर भड़क उठे और कहा, “आप गवर्नर हैं क्या? अपने मन से काम करेंगे? उपायुक्त से भी ऊपर हैं क्या?” विधायक ने कहा कि जनता दरबार में लगातार जमीन संबंधित गड़बड़ी की शिकायतें आ रही हैं, लेकिन समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि “जनता दरबार का कोई मतलब नहीं रह जाएगा अगर अधिकारियों की मनमानी इसी तरह चलती रही।”विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि “बहुत मनमानी हो रही है, जल्द बालूमाथ छोड़कर जाइये, नहीं तो कार्यालय में घुसने नहीं दिया जाएगा।” साथ ही उन्होंने पूरे मामले की जानकारी फोन पर लातेहार उपायुक्त को देते हुए कार्रवाई की मांग की। जनता दरबार में नगड़ा गांव में बंद पड़े स्वास्थ्य उपकेंद्र का मामला भी उठा, जिस पर संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिया गया। वहीं उत्क्रमित मध्य विद्यालय लक्ष्मीपुर के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट बिजली तार को लेकर विधायक ने विद्युत विभाग के जेई विकास कुमार महतो को भी फटकार लगाई। विधायक ने कहा कि पूर्व में आवेदन देने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया।
इसके अलावा बालू निवासी सोमनाथ गंझू ने पंजी-2 में छेड़छाड़ कर जमीन दूसरे के नाम जमाबंदी करने का आरोप लगाया। कलीम कुरैशी ने सुधीर कुमार साहू पर आवेदन रिसीव कराने के नाम पर ₹500 मांगने का आरोप लगाया। वहीं गणेशपुर पंचायत में बिना ग्रामसभा कराए बड़े पैमाने पर जमीन दूसरे नाम से जमाबंदी किए जाने की शिकायत भी सामने आई, जिस पर विधायक ने ग्रामसभा कर मामले के निष्पादन का निर्देश दिया।आदिम जनजाति जगन्नाथ परहिया पकरी को 5 केजी राशन मिलता हैं। राशन खत्म हो जाने के बाद भूखा रहना पड़ता है। एवं पीने का पानी का भी सुविधा नहीं है। जिसको लेकर भी विधायक ने निर्देश दिया ।पूर्व में जनता दरबार में जितने आवेदन प्राप्त हुई थी आज की जनता दरबार में इसका निष्पादन की सबसे पहले समीक्षा की गई। वही जनता दरबार में सबसे अधिक जमीन से संबंधित मुटेशन, स्वास्थ्य, पेयजल, जन्म प्रमाण पत्र, मृत प्रमाण पत्र, सहित कई आवेदन प्राप्त हुआ। विधायक प्रकाश राम ने सभी आवेदन को जांच कर निष्पादन करने का निर्देश दिया। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमा उरांव,कृष्णा यादव,संजय यादव,संजीव सिन्हा, अखिलेश गुप्ता,रामदेव साव,सुनील पांडे, दिवाकर प्रसाद,अशोक साव, राजेंद्र चावल,विनोद साव, थाना प्रभारी अमित कुमार,विजय यादव, हिमांशु मोहन सहित कई लोग उपस्थित थे।
रिपोर्टर : मो० अरबाज

No Previous Comments found.