जनता दरबार में फूटा जमीन घोटाले का मामला
जनता दरबार में फूटा जमीन घोटाले का मामला, रैयती जमीन को ‘खास महाल’ बताकर फर्जी नामांतरण का आरोप
लातेहार: लातेहार विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रकाश राम के जनता दरबार में मंगलवार को जमीन घोटाले का सनसनीखेज मामला गूंज उठा। प्रखंड परिसर स्थित सभागार में आयोजित जनता दरबार में ग्राम हरखा निवासी जरासंध कुमार ने अपनी पैतृक रैयती भूमि को फर्जी तरीके से ‘खास महाल’ भूमि में परिवर्तित कर नामांतरण किए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई।फरियादी जरासंध कुमार, पिता मनोज कुमार, ने बताया कि मौजा तापाखास, थाना संख्या–249 अंतर्गत खाता संख्या–36, प्लॉट संख्या–364, रकबा 1.33 एकड़ भूमि उनके परदादा खतियानी रैयत माधो कहार के नाम दर्ज है। उक्त जमीन का पंजी–II में विधिवत मांग कायम है तथा नियमित लगान रसीद भी निर्गत होती रही है। जमीन पर उनका वर्षों से दखल-कब्जा है और वहां एक छोटा मकान भी बना हुआ है। साथ ही खतियानी विवरण अंकित लोहे का बोर्ड भी लगाया गया है।
आरोप है कि अंचल कार्यालय की मिलीभगत से फर्जी केस संख्या 8/264 एवं 8/219/1934-35 का हवाला देकर इस रैयती भूमि को ‘खास महाल’ में बदल दिया गया और खाता संख्या–81 में प्लॉट संख्या–364 को बंधु साह, पिता नथुनी साह, के नाम दर्ज कर ऑनलाइन कर दिया गया। फरियादी का कहना है कि भूमि सीएनटी एक्ट के दायरे में आती है, जिसकी खरीद-बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है, बावजूद इसके बिचौलियों और कथित भूमि माफियाओं की मिलीभगत से अवैध तरीके से सौदेबाजी की जा रही है।जरासंध कुमार ने बताया कि उन्होंने 2 दिसंबर 2025 को उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को भी लिखित आवेदन देकर शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन हड़पने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है, जिससे जान-माल की सुरक्षा को लेकर भय का माहौल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक प्रकाश राम ने संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल मोशन एवं रजिस्ट्री पर रोक लगाने का निर्देश दिया। वहीं संबंधित अधिकारी ने जनता दरबार में आश्वासन दिया कि 14 दिनों के भीतर मामले का निष्पादन कर दिया जाएगा।
फरियादी ने प्रशासन से मांग की है कि रैयती भूमि के अवैध विचलन की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा सीएनटी एक्ट के तहत उनकी पैतृक जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
संवाददाता - बब्लू खान

No Previous Comments found.