श्री वैष्णव दुर्गा मंदिर के विवाह मंडप का होगा सुंदरीकरण

श्री वैष्णव दुर्गा मंदिर के विवाह मंडप का होगा सुंदरीकरण, मुख्य द्वार व शेड निर्माण का निर्णय

 

लातेहार- श्री वैष्णव दुर्गा मंदिर, लातेहार की कार्यकारिणी समिति की 50वीं बैठक संरक्षक विनोद कुमार साहू की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। बैठक में मंदिर परिसर के विकास एवं सुंदरीकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये।

बैठक में मंदिर के विवाह मंडप के सुंदरीकरण के लिए मुख्य द्वार एवं चहारदीवारी को आकर्षक बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके लिए स्थानीय विधायक प्रकाश राम से मुलाकात कर राशि आवंटित कराने का आग्रह करने का निर्णय लिया गया।

इसके अलावा मंदिर के दूसरे तल के आंगन में शेड निर्माण कराने का फैसला लिया गया। समिति के सदस्यों ने बताया कि शादी-विवाह के दौरान भोजन बनाने में लोगों को काफी परेशानी होती है। शेड बनने से लोगों को सुविधा मिलेगी। मंदिर की सीढ़ियों पर भी शेड लगाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में ऊपरी तल की नालियों को तोड़कर चौड़ा करने का निर्णय लिया गया। बताया गया कि संकरी नालियां हमेशा जाम हो जाती हैं, जिससे परेशानी होती है। साथ ही मंदिर के गर्भगृह में वॉइस रिकॉर्डर एवं सीसीटीवी कैमरा लगाने, मंदिर के स्टेज में स्थायी स्ट्रक्चर व सिलिंग निर्माण कराने का भी निर्णय लिया गया।

समिति ने प्रत्येक रविवार सुबह साढ़े पांच बजे से मंदिर समिति के सदस्यों द्वारा श्रमदान कर मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई अभियान चलाने का भी फैसला लिया। वहीं मंदिर की सहायिका के पारिश्रमिक में 500 रुपये की बढ़ोतरी करने का निर्णय भी लिया गया।

बैठक में अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने सहायिका एवं प्रबंधक को मंदिर की साफ-सफाई और रख-रखाव को लेकर कई दिशा-निर्देश दिये तथा सभी से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की अपील की।

बैठक में संरक्षक त्रिभुवन पांडेय, उपाध्यक्ष कन्हाई प्रसाद अग्रवाल, अशोक दास, सचिव आशीष कुमार टैगोर, कोषाध्यक्ष राजू रंजन सिंह, सह सचिव रविंद्र प्रजापति, रंजीत कुमार, दीपक विश्वकर्मा, पंकज कुमार, आकाश जायसवाल, परितोष ठाकुर एवं रेखा देवी सहित कई सदस्य उपस्थित थे।

संवाददाता - बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.