झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान की उठी मांग, प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
लातेहार- झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के जिला अध्यक्ष विश्वनाथ प्रसाद एवं जिला कोषाध्यक्ष अर्जुन राम के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त संदीप कुमार से मुलाकात कर उन्हें बुके देकर सम्मानित किया। इस दौरान झारखंड आंदोलनकारियों के मान-सम्मान, नियोजन, पेंशन एवं अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला अध्यक्ष विश्वनाथ प्रसाद ने कहा कि झारखंड राज्य का गठन लंबे संघर्ष, आंदोलन और शहादत के बाद संभव हो पाया है। आंदोलन के दौरान कई युवाओं ने अपने घर-परिवार और पढ़ाई तक का त्याग किया था। बावजूद इसके आज आंदोलनकारी खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को बताया कि झारखंड आंदोलनकारी चिह्नीकरण आयोग द्वारा जिले के आंदोलनकारियों की सूची भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक उन्हें सम्मानित नहीं किया गया है। मोर्चा ने मांग की कि जल्द से जल्द सम्मान समारोह आयोजित कर सभी आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाए।
रिपोर्टर - बब्लू खान


No Previous Comments found.