तेतरियाखाड़ परियोजना की मांगों को लेकर विस्थापितों का प्रदर्शन,उपायुक्त को सौंपा 17 सूत्री ज्ञापन
लातेहार : बालूमाथ प्रखंड अंतर्गत बसिया पंचायत स्थित सीसीएल द्वारा संचालित राजहरा परियोजना के तेतरियाखांड कोलियरी के विस्थापित एवं प्रभावित परिवारों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर लातेहार उपायुक्त को 17 सूत्री मांग पत्र सौंपा है। ग्रामीणों ने परियोजना प्रबंधन एवं सीसीएल पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।ज्ञापन में कहा गया है कि परियोजना पदाधिकारी जे.पी. रावत द्वारा 28 अप्रैल 2026 से ट्रकों का प्रवेश रोक दिए जाने के कारण लगभग एक हजार ट्रक मालिकों एवं उनसे जुड़े परिवारों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। ट्रक परिचालन बंद रहने से क्षेत्र के कई लोगों की आजीविका प्रभावित हुई है।ग्रामीणों ने वर्ष 1992 से संचालित तेतरियाखाइ परियोजना के विस्थापितों को लंबित नौकरी एवं मुआवजा देने के लिए विशेष कैंप लगाने की मांग की है। साथ ही पिंडारकोम गांव के भूमि मालिकों को भूमि मुआवजा, नौकरी एवं क्षतिपूर्ति देने तथा लगभग 600 एकड़ भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से जल्द पूरा करने की मांग भी उठाई गई है।ज्ञापन में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, प्रदूषण नियंत्रण हेतु नियमित पानी छिड़काव कराने तथा घनी आबादी वाले क्षेत्रों में हाइवा परिचालन पूर्णतः बंद रखने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने 09 सितंबर 2025 की बैठक में लिए गए निर्णयों का पालन सुनिश्चित कराने की भी मांग की।इसके अलावा पीएनएम कंपनी को आवंटित फेस से साइडिंग तक के टेंडर को निरस्त करने, स्टॉक कोयले का पुनः ग्रेडेशन कराने, कोयले में लगी आग पर नियंत्रण करने तथा सेल के डीओ में ट्रकों का प्रवेश तत्काल शुरू कराने की मांग उठाई गई है।ग्रामीणों ने पीएनएम कंपनी एवं सीसीएल की कथित मिलीभगत से स्टॉक में बैंड पत्थर मिलाने की जांच कराने तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोपों की जांच कर कार्रवाई करने की भी मांग की है। साथ ही परियोजना पदाधिकारी जे.पी. रावत एवं लंबे समय से पदस्थ अधिकारियों के स्थानांतरण की मांग भी की गई है।ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मुख्य सचिव, श्रम मंत्री संजय यादव, सीएमडी सीसीएल, उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारियों को भी भेजी गई है।
रिपोर्टर : बब्लू खान

No Previous Comments found.