भाजपा के दीनदयाल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, कार्यकर्ताओं को समाज और राष्ट्र सेवा का दिया मंत्र
लातेहार : शहर के होटल बिलिश इन में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित दीनदयाल प्रशिक्षण शिविर का गुरुवार को दीप प्रज्ज्वलित कर भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, पूर्व बेरमो विधायक सह प्रदेश प्रवक्ता अमित मंडल तथा पूर्व मनिका विधायक हरिकृष्ण सिंह ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सह प्रशिक्षण शिविर संयोजक अमलेश सिंह ने किया।
शिविर में जिले भर से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भारी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को सामाजिक दायित्व, राष्ट्रभक्ति और संगठन की विचारधारा से जोड़ना बताया गया। प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कौशल, जनसंपर्क और केंद्र सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने की जानकारी दी जाएगी।
सभा को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा का संकल्प लेकर चलने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है और पूरे देश में 20 से 25 लाख कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने का अभियान चलाया जा रहा है। उसी कड़ी में लातेहार जिला में यह जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच सेतु का काम करता है: दीपक प्रकाश
उन्होंने कहा, “प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं के भीतर राष्ट्र के प्रति समर्पण, समाज सेवा की भावना और संगठन के प्रति जिम्मेदारी को मजबूत करना है। कार्यकर्ताओं को संवेदनशील बनाकर समाज के लिए जीने का संकल्प दिलाना ही इस प्रशिक्षण का लक्ष्य है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और एकात्म मानववाद के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाना भाजपा का लक्ष्य है।”
दीपक प्रकाश ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच सेतु का काम करता है और प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें और अधिक सक्षम बनाया जा रहा है।
प्रशिक्षण शिविर केवल राजनीतिक शिक्षा का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्तित्व विकास का भी मंच है। :अमित मंडल
प्रदेश प्रवक्ता अमित मंडल ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का प्रशिक्षण शिविर केवल राजनीतिक शिक्षा का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्तित्व विकास का भी मंच है। उन्होंने कहा, “भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर काम करते हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं को अनुशासन, सेवा और संगठन के मूल मंत्र के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए तैयार किया जा रहा है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है, जो गांव-गांव और बूथ स्तर तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का कार्य करता है। प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, सोशल मीडिया की भूमिका, जनसंपर्क अभियान और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के गुर सिखाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों और संगठनात्मक गतिविधियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया। शिविर में जिले के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष बंशी यादव प्रशिक्षण प्रमुख नरेंद्र पांडे मुकेश रंजन सिन्हा प्रदेश कार्य समिति राजधानी यादव जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह चंदवा पश्चिमी जिला परिषद सरोज देवी पूर्व जिला अध्यक्ष पंकज सिंह जिला उपाध्यक्ष राकेश दुबे महामंत्री सह जिला सांसद प्रतिनिधि अमलेश सिंह , महामंत्री छोटू राजा, जिला मंत्री मुकेश पाण्डेय जिला मंत्री ध्रुव पाण्डेय कोषाध्यक्ष विष्णु प्रसाद गुप्ता विधायक प्रतिनिधि गौरव दास , नगर महामंत्री सोनू सिंह , महिला मोर्चा महामंत्री श्रीमती अर्पना सिंह जी, श्रीमती मंजू देवी जी, श्रीमती संगीता देवी जी समेत अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : बब्लू खान

No Previous Comments found.