ईद-उल-अजहा को लेकर बालूमाथ में तैयारियां तेज, नमाज का समय घोषित
बालूमाथ : ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को लेकर बालूमाथ में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में बालूमाथ जामा मस्जिद में ईशा की नमाज के बाद अंजुमन-सुब्हानुल-मुस्लिमीन की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंजुमन के सदर हाजी शब्बीर ने की, जबकि संचालन सेक्रेटरी मौलाना जियाउल्लाह ने किया।बैठक में आगामी 28 मई को ईद-उल-अजहा की नमाज के समयसारणी निर्धारित किया गया। जिसके अनुसार बालूमाथ ईदगाह में सुबह 6:30 बजे तथा जामा मस्जिद में सुबह 7:15 बजे ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की जाएगी। मौलाना मजहर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग तय समय पर नमाज स्थल पर पहुंचकर शांतिपूर्वक अपनी जगह ग्रहण करें, ताकि नमाज व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि जिलहिज्जा का महीना इस्लामी धर्म की दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। इसी महीने में हज की अदायगी और कुर्बानी का पर्व मनाया जाता है, जो त्याग, समर्पण और इंसानियत का संदेश देता है। बैठक में पर्व को भाईचारे, अमन-चैन और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने पर विशेष जोर दिया गया। अंजुमन के पदाधिकारियों ने बालूमाथ क्षेत्र के सभी लोगों से आपसी प्रेम, सम्मान और सहयोग की भावना के साथ त्योहार मनाने में सहयोग की अपील की।
रिपोर्टर : मो० अरबाज


No Previous Comments found.