लातेहार कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं को मिली हाईस्पीड वाई-फाई सुविधा, ऑनलाइन कार्य होंगे आसान
लातेहार : बदलते दौर में न्यायिक व्यवस्था तेजी से डिजिटल हो रही है। जिला अदालतों में अब अधिकांश कार्य ऑनलाइन माध्यम से संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे में इंटरनेट और बेहतर नेटवर्क की सुविधा अधिवक्ताओं के लिए बेहद जरूरी हो गई है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए लातेहार बार एसोसिएशन की पहल पर कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं के लिए हाईस्पीड इंटरनेट वाई-फाई सेवा शुरू कर दी गई है।
बार एसोसिएशन लातेहार के अध्यक्ष लाल अरविंद नाथ शाहदेव के प्रयास से शुरू की गई इस सुविधा का लाभ अब कोर्ट परिसर में कार्यरत सभी अधिवक्ताओं को मिलेगा। मेसर्स संतोष कंस्ट्रक्शन की ओर से यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वाई-फाई सेवा शुरू होने से अब अधिवक्ताओं को ई-फाइलिंग, केस से जुड़े ऑनलाइन अपडेट, जरूरी दस्तावेजों की तैयारी तथा वर्चुअल सुनवाई जैसे कार्यों में नेटवर्क संबंधी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
जानकारी के अनुसार, पूर्व में अधिवक्ताओं को कमजोर नेटवर्क और इंटरनेट की कमी के कारण कई तरह की समस्याओं से जूझना पड़ता था। कई बार जरूरी दस्तावेज समय पर अपलोड नहीं हो पाते थे, तो कभी केस से संबंधित ऑनलाइन जानकारी लेने में दिक्कत होती थी। इसके अलावा वर्चुअल सुनवाई के दौरान भी नेटवर्क बाधा एक बड़ी समस्या बन रही थी। अधिवक्ताओं की इन परेशानियों को देखते हुए बार एसोसिएशन ने इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष लाल अरविंद नाथ शाहदेव ने कहा कि अधिवक्ताओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में इंटरनेट न्यायिक कार्य प्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। हाईस्पीड वाई-फाई सेवा शुरू होने से अधिवक्ताओं का समय बचेगा और कार्यों में गति आएगी। साथ ही न्यायिक प्रक्रिया को भी अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
मेसर्स संतोष कंस्ट्रक्शन के संतोष कुमार सिंह ने कहा कि अधिवक्ता समाज न्याय व्यवस्था का अहम स्तंभ है और उनके कार्य को सुगम बनाने में सहयोग करना गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सुविधा अधिवक्ताओं के लिए काफी उपयोगी साबित होगी और डिजिटल न्यायिक कार्यों को गति मिलेगी।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष वासुदेव पाण्डेय, कार्यकारिणी सदस्य रमन कुमार, ट्रेजरर नवरत्न पाण्डेय, मिथिलेश कुमार, प्रदीप उपाध्याय, राजीव रंजन पाण्डेय, हरिओम पाण्डेय, अरविंद गुप्ता समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
कोर्ट परिसर में इंटरनेट सुविधा शुरू होने से अधिवक्ताओं के बीच खुशी का माहौल है। अधिवक्ताओं ने इसे डिजिटल न्यायिक व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
रिपोर्टर : बब्लू खान


No Previous Comments found.