पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान
हेरहंज : कांग्रेस प्रदेश कमेटी के निर्देश एवं लातेहार जिला अध्यक्ष कामेश्वर यादव के आदेश पर मंगलवार को हेरहंज प्रखंड में पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। यह अभियान हेरहंज स्थित हुम्बू पेट्रोल पंप परिसर में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लेकर बढ़ती महंगाई के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष लाडले खान एवं मंडल अध्यक्ष रंजीत गंझू ने संयुक्त रूप से किया। अभियान के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आम लोगों से हस्ताक्षर करवाकर केंद्र सरकार तक जनता की आवाज पहुंचाने की बात कही।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश में लगातार बढ़ रही पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। महंगाई अपने चरम पर पहुंच चुकी है, जिससे परिवहन से लेकर रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं लगातार महंगी होती जा रही हैं। इसका सीधा असर गरीब, किसान, मजदूर, छात्र, मध्यमवर्गीय परिवार और छोटे व्यवसायियों पर पड़ रहा है।
नेताओं ने कहा कि ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण खेती-किसानी की लागत भी काफी बढ़ गई है। ट्रैक्टर, पंपसेट और परिवहन खर्च बढ़ने से किसानों की परेशानियां और अधिक बढ़ गई हैं। वहीं दूसरी ओर घरेलू बजट भी पूरी तरह बिगड़ चुका है। रसोई से लेकर बाजार तक हर सामान महंगा हो गया है, जिससे आम लोग आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि जनता लगातार महंगाई की मार झेल रही है, लेकिन सरकार लोगों को राहत देने के बजाय केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है।
अभियान के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जनता की भावनाओं और समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने मांग की कि पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में तत्काल कमी की जाए ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। साथ ही किसानों, मजदूरों और मध्यमवर्गीय परिवारों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग भी की गई।
हस्ताक्षर अभियान में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और महंगाई के खिलाफ अपना समर्थन जताया। कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जीवन को कठिन बना दिया है और सरकार को जल्द राहत देने की दिशा में कदम उठाना चाहिए।
मौके पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष लाडले खान, मंडल अध्यक्ष रंजीत गंझू सहित हेरहंज प्रखंड के कई कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : बब्लू खान


No Previous Comments found.