लावालौंग में पुलिस की लगातार कार्रवाई से भारी मात्रा में अफीम, डोडा व पोस्ता दाना बरामद

लावालौंग :  थाना क्षेत्र में नशा सौदागर  के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिमी पंचायत के जोरदाग गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में सूखा अफीम, डोडा और पोस्ता दाना बरामद किया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार लावालौंग पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि जोरदाग गांव के कुछ ग्रामीण अपने घरों में अवैध रूप से अफीम, डोडा एवं पोस्ता दाना का भंडारण कर उसकी बिक्री करने की तैयारी में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया नगरगोजे शुभम भाऊ साहब के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।गठित टीम ने जोरदाग गांव में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान सकिंदर यादव के घर से करीब 1.570 किलोग्राम सूखा अफीम बरामद किया गया। वहीं धनेश्वर यादव के घर से डोडा जब्त किया गया। इसके अलावा रामबली यादव के घर में छापेमारी के दौरान पुलिस ने 7 बोरा डोडा, 1 बोरा पोस्ता दाना तथा 30 हजार रुपये नगद बरामद किए।पुलिस ने बरामद सभी सामानों को जब्त कर लिया है। मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ लावालौंग थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाए गए थे और इसकी सप्लाई किन क्षेत्रों में की जा रही थी।छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगरगोजे शुभम भाऊ साहब थाना प्रभारी विधायक प्रसाद यादव एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

रिपोर्टर : मो0 साजिद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.