रेलवे साइडिंग के समीप ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, रोजगार व मूलभूत सुविधाओं की उठाई मांग
बालूमाथ : बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र के बुकरु रेलवे कोयला साइडिंग के समीप गुरुवार को ग्रामीणों ने उड़ते धूलकण, बेरोजगारी, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर ट्रांसपोर्टिंग सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने से सड़क के दोनों ओर कोयला लदे हाईवा, ट्रक समेत कई वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आवागमन प्रभावित रहा।ग्रामीणों ने बताया कि रेलवे साइडिंग और ट्रांसपोर्टिंग कार्य के कारण आसपास के गांवों में प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। सड़क किनारे बसे गांवों में धूल उड़ने से लोगों को सांस एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने सड़क पर नियमित पानी छिड़काव और स्प्रिंकलर मशीन लगाने की मांग की। इसके अलावा स्थानीय युवाओं को रोजगार देने, बाहरी कर्मचारियों को हटाकर प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता देने, डीप बोरिंग के माध्यम से पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट एवं शेरेगारा बाजार में नया शेड निर्माण कराने की मांग उठाई गई। सूचना मिलने पर अमरवाड़ीह पिकेट प्रभारी अनिल सिंह और सीसीएल अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।
रिपोर्टर : मो० अरबाज


No Previous Comments found.