धूलकण से परेशान ग्रामीणों के आंदोलन के बीच कंपनी ने लगाया रंगदारी का आरोप
लातेहार - तुबेद कोल माइंस क्षेत्र में कोयला परिवहन से उड़ने वाले धूलकणों और परिवहन के लिए अलग सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के बीच कंपनी की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए हैं। तुबेद कोल माइंस के ट्रांसपोर्ट मैनेजर श्यामल चक्रवर्ती की शिकायत पर पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ रंगदारी,मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार,28 मई 2026 की सुबह करीब 6 बजे तुबेद कोल माइंस से कोयला लदे वाहन अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नवादा मोड़ के समीप कुछ ग्रामीणों ने सड़क जाम कर वाहनों का परिचालन रोक दिया। ग्रामीणों का कहना है कि कोयला परिवहन से उड़ने वाली धूल के कारण आसपास के गांवों में लोगों का जीना मुश्किल हो गया है और कंपनी को परिवहन के लिए अलग सड़क का निर्माण करना चाहिए।वहीं कंपनी की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने वाहन चालकों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा कथित रूप से रंगदारी की मांग की। शिकायत के अनुसार, बिना पैसे दिए सड़क पर वाहन नहीं चलने देने की बात कही गई और विरोध करने पर वाहनों में आग लगाने तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
प्राथमिकी में दिलीप जायसवाल,अजीत जायसवाल,चंदन जायसवाल,राजकुमार जायसवाल,गोलू जायसवाल, विजय जायसवाल और सोनू जायसवाल सहित 10-15 अन्य अज्ञात लोगों को नामजद किया गया है।कंपनी ने यह भी आरोप लगाया है कि हाईवा वाहन JH19G-1463 के मालिक सतवंत सिंह के साथ मारपीट की गई और उनके पास से लगभग 20 हजार रुपये नकद छीन लिए गए।कंपनी का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से कोयला परिवहन प्रभावित हो रहा है और वाहन चालकों में भय का माहौल है।मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी तथा जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों की धूल प्रदूषण और वैकल्पिक सड़क निर्माण की मांग भी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
रिपोर्टर -बबलू खान
No Previous Comments found.