गुप्त सूचना पर लावागाड़ा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, तेंदू पत्ता लदा पिकअप वाहन जब्त
लातेहार - जिले के मनिका वन प्रक्षेत्र अंतर्गत बड़काडीह पंचायत के लावागाड़ा क्षेत्र में शनिवार को वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तेंदू पत्ता लदे एक पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। जब्त वाहन को वन विभाग ने अपने कार्यालय परिसर में सुरक्षित रखकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, वाहन में लदे तेंदू पत्तों के परिवहन से संबंधित दस्तावेजों और अनुमति पत्रों की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि तेंदू पत्ता का परिवहन नियमानुसार किया जा रहा था या इसके पीछे किसी प्रकार की अनियमितता है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग के कर्मी अजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि तेंदू पत्ता कारोबार से जुड़े मामलों पर विभाग की विशेष नजर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि वन उपज के अवैध संग्रहण, परिवहन और व्यापार को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यदि जांच में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तेंदू पत्ता कारोबार से जुड़े लोगों के बीच चर्चा और हलचल तेज हो गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जंगलों की संपदा की सुरक्षा और वन उपज के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्टर - बब्लू खान
No Previous Comments found.