तंबाकू के खिलाफ न्यायालय का बड़ा अभियान, पीडीजे शेषनाथ सिंह ने दिलाई तंबाकू मुक्ति की शपथ

लातेहार - विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर व्यवहार न्यायालय, लातेहार परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में तंबाकू निषेध जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने की। शिविर को संबोधित करते हुए पीडीजे शेषनाथ सिंह ने कहा कि तंबाकू का सेवन केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि तंबाकू से कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियां होती हैं, इसलिए इसके खिलाफ व्यापक जनजागरूकता जरूरी है। उन्होंने सभी से अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के वातावरण को तंबाकू मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों, कर्मचारियों, पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) तथा अन्य लोगों को तंबाकू सेवन न करने और समाज को इसके प्रति जागरूक करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा चलाए गए इस अभियान को जिले के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए सभी पैरा लीगल वॉलंटियर्स ने अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। पीएलवी ने विभिन्न प्रखंड कार्यालयों, थाना परिसरों, पंचायतों और गांवों में शिविर आयोजित कर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों तथा पुलिसकर्मियों को तंबाकू के दुष्प्रभावों की जानकारी दी और तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में जिले के सभी न्यायिक पदाधिकारी, व्यवहार न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मचारी, पैरा लीगल वॉलंटियर्स सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन के साथ जागरूकता शिविर का समापन हुआ। तंबाकू का सेवन व्यक्ति और समाज दोनों के लिए घातक है। स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण के लिए हर नागरिक को तंबाकू मुक्त जीवन अपनाना चाहिए।

रिपोर्टर - बब्लू खान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.