बालूमाथ मुखिया नरेश लोहरा ने पैसेंजर ट्रेन सेवा शुरू करने की उठाई मांग
लातेहार - बालूमाथ मुखिया नरेश लोहरा ने क्षेत्र में यात्री रेल सेवा शुरू करने की मांग भारत सरकार के रेल मंत्रालय से की है। उन्होंने कहा कि जब तक बालूमाथ के लिए नियमित पैसेंजर ट्रेन का परिचालन शुरू नहीं होता, तब तक रांची-टोरी के बीच चल रही पैसेंजर ट्रेन का विस्तार बालूमाथ तक किया जाना चाहिए। नरेश लोहरा ने बताया कि बालूमाथ रेलवे स्टेशन से 9 मार्च 2018 से मालगाड़ियों का सफल संचालन किया जा रहा है तथा यात्री सुविधाओं के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा भी उपलब्ध है। इसके बावजूद आज तक किसी वभी यात्री ट्रेन का परिचालन शुरू नहीं किया गया है, जिससे क्षेत्रवासी स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बालूमाथ आदिवासी बहुल और आर्थिक रूप से पिछड़ा क्षेत्र है। यहां के मजदूर, किसान, छात्र-छात्राएं एवं आम लोग महंगे बस किराये के कारण परेशान रहते हैं। रेल सेवा शुरू होने से लोगों को रांची, लोहरदगा तथा अन्य शहरों तक सस्ती और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। मुखिया ने यह भी मांग की कि प्रस्तावित चतरा-गया नई रेल परियोजना में बालूमाथ को शामिल किया जाए, ताकि लातेहार और चतरा क्षेत्र का गया से सीधा रेल संपर्क स्थापित हो सके। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी तथा हजारों लोगों को इसका लाभ प्राप्त होगा।
रिपोर्टर - मो० अरबाज
No Previous Comments found.