चतरा में दुर्गावाहिनी का शौर्य प्रशिक्षण वर्ग, लातेहार की बालिकाओं ने दिखाया साहस और अनुशासन का दम

लातेहार :  झारखंड के चतरा जिले में आयोजित दुर्गावाहिनी के सात दिवसीय प्रांतीय शौर्य प्रशिक्षण वर्ग में लातेहार जिले की बालिकाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शौर्य, साहस और अनुशासन का परिचय दिया। शिविर परिसर में भगवा और लाल ध्वजों के बीच लाठी संचालन, जूडो-कराटे तथा आत्मरक्षा के विभिन्न प्रशिक्षण सत्र आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

विश्व हिंदू परिषद की महिला शाखा दुर्गावाहिनी द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में राष्ट्ररक्षा, नारी सशक्तिकरण और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण पर विशेष बल दिया जा रहा है। शिविर के दौरान "या देवी सर्वभूतेषु" मंत्रोच्चार और बहनों की हुंकार से पूरा वातावरण ऊर्जावान बना हुआ है।

इस प्रशिक्षण वर्ग में लातेहार जिले की दुर्गावाहिनी की जिला संयोजिका प्रज्ञा पांडे सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वे अनुशासित और दृढ़ नेतृत्व के साथ बहनों को लाठी संचालन, आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर और संगठनात्मक कौशल का प्रशिक्षण दे रही हैं। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागी युवतियां शारीरिक दक्षता के साथ-साथ आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास कर रही हैं।

शिविर में विशेष रूप से संगठन को मजबूत बनाने और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बहनों ने कहा कि इस तरह के शिविर उन्हें आत्मनिर्भर, साहसी और समाज के प्रति जिम्मेदार बनने की प्रेरणा देते हैं।

दुर्गावाहिनी का यह शौर्य प्रशिक्षण वर्ग नारी शक्ति, संस्कार और राष्ट्रसेवा की भावना को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है, जिसमें लातेहार की बालिकाएं भी बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभा रही हैं।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.