भाजपा नेताओं ने बताया संगठन की क्षति, वहीं बैद्यनाथ राम को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर जताई खुशी

लातेहार : जिले की राजनीति में शनिवार को उस समय हलचल तेज हो गई जब भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष शीला देवी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की सदस्यता ग्रहण कर ली। नगर भवन में आयोजित झामुमो के प्रशिक्षण शिविर में केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय एवं जिलाध्यक्ष लाल मोतीनाथ शाहदेव ने उन्हें अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर पार्टी में स्वागत किया।झामुमो की सदस्यता लेने के बाद शीला देवी ने कहा कि भाजपा में उन्हें समुचित मान-सम्मान नहीं मिल रहा था। इसी कारण उन्होंने भाजपा छोड़कर झामुमो का दामन थामने का निर्णय लिया। उनके इस फैसले से जहां झामुमो कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया, वहीं भाजपा खेमे में मायूसी का माहौल रहा।

इधर, भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री राजन तिवारी ने इस घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि शीला देवी संगठन की एक समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता रही हैं। उनका किसी दूसरे दल में जाना भाजपा के लिए एक क्षति है। उन्होंने कहा कि संगठन में कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और अवसर मिलना चाहिए, ताकि वे खुद को उपेक्षित महसूस न करें। इस दिशा में प्रदेश नेतृत्व को गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।
राजन तिवारी ने एक ओर जहां शीला देवी के पार्टी छोड़ने पर दुख व्यक्त किया, वहीं दूसरी ओर झामुमो के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम को झारखंड से राज्यसभा का प्रत्याशी बनाए जाने पर खुशी भी जताई। उन्होंने कहा कि बैद्यनाथ राम एक अनुभवी और जनप्रिय नेता हैं तथा उनकी उम्मीदवारी राज्य के लिए सकारात्मक संदेश देने वाली है।
इस प्रकार लातेहार की राजनीति में एक ही दिन खुशी और ग़म दोनों के भाव देखने को मिले। एक ओर झामुमो को भाजपा की वरिष्ठ महिला नेता के रूप में नई ताकत मिली, तो दूसरी ओर भाजपा को अपने समर्पित कार्यकर्ता के जाने का मलाल रहा।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.