व्यवसायियों की सुरक्षा पर पुलिस सख्त, एसडीपीओ ने जारी किए अहम निर्देश

लातेहार :  जिले मे कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने जिले के स्वर्ण व्यवसायियों, अन्य व्यापारियों, बैंक अधिकारियों तथा पेट्रोल पंप संचालकों एवं प्रबंधकों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की। बैठक में सदर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा एवं चंदवा थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने कहा कि पुलिस व्यवसायियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस और व्यवसायियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। बैठक के दौरान विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई। एसडीपीओ ने सभी प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने विशेष रूप से रात के समय स्पष्ट निगरानी के लिए नाइट विजन कैमरे लगाने पर जोर दिया। इसके अलावा बैंक, ज्वेलरी दुकान, पेट्रोल पंप एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में सुरक्षा अलार्म सिस्टम को हमेशा क्रियाशील रखने का निर्देश दिया गया। व्यवसायियों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या परिस्थिति की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस प्रशासन अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना को रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। बैठक में मौजूद व्यवसायियों ने भी पुलिस के इस प्रयास का स्वागत करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में सहयोग का भरोसा दिलाया।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.