टोरी आरओबी निर्माण को लेकर प्रस्तावित धरना स्थगित, नई तिथि जल्द होगी घोषित अश्विनी मिश्रा

चंदवा :  टोरी रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की मांग को लेकर 7 जून को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है। आंदोलन की नई तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी। इसकी जानकारी प्रखंड उप प्रमुख अश्विनी मिश्रा ने दी। उन्होंने बताया कि आंदोलन से जुड़े सभी पक्षों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों के साथ विचार-विमर्श के बाद धरना-प्रदर्शन की नई तिथि तय की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पहले की तरह कायम है और आंदोलन केवल स्थगित किया गया है, समाप्त नहीं। मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।गौरतलब है कि टोरी रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज नहीं होने के कारण प्रतिदिन लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रेलवे फाटक बंद रहने के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है, जिससे यात्रियों, विद्यार्थियों, मरीजों और व्यवसायियों का समय बर्बाद होता है। कई बार आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि टोरी आरओबी निर्माण का शिलान्यास हुए लगभग पांच वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इस कारण क्षेत्रवासियों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। लोगों ने सरकार और संबंधित विभाग से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग दोहराई है।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.