चंदवा फाइटर ने जीता दिशोम गुरु शिबू सोरेन दिवा-रात्रि क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब
चंदवा : स्थानीय खेल स्टेडियम में कमांडो क्लब चंदवा के तत्वावधान में आयोजित दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन दिवा-रात्रि क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन शनिवार देर रात उत्साह, उमंग और खेल भावना के माहौल में संपन्न हुआ। टूर्नामेंट के समापन समारोह में खेल प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे स्टेडियम में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। फाइनल मुकाबले के साथ-साथ पुरस्कार वितरण समारोह भी आकर्षण का केंद्र रहा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष लाल अजय नाथ शाहदेव उपस्थित रहे। उनके साथ एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता, प्रखंड उप प्रमुख अश्विनी मिश्रा, अरविंद सिंह, आनंद वर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। कार्यक्रम की शुरुआत दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया।
अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि लाल अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उचित मंच, प्रशिक्षण और संसाधनों की है। उन्होंने कहा कि आज गांवों और छोटे कस्बों के युवा क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और यदि उन्हें सही मार्गदर्शन मिले तो वे राज्य और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों को कैनवास क्रिकेट से आगे बढ़कर प्रोफेशनल लैदर बॉल क्रिकेट की ओर कदम बढ़ाने की सलाह दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को संसाधनों के अभाव में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन और जिला क्रिकेट एसोसिएशन के माध्यम से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने चंदवा खेल स्टेडियम के विकास के लिए जिला क्रिकेट एसोसिएशन के साथ समन्वय स्थापित कर ठोस योजना तैयार करने की बात कही।
स्वागत भाषण देते हुए प्रखंड उप प्रमुख अश्विनी मिश्रा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि चंदवा जैसे छोटे शहर में समय निकालकर प्रतिष्ठित लोगों का आना खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने खेल स्टेडियम के समुचित विकास, बेहतर खेल सुविधाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी।समारोह के बाद राष्ट्रगान के साथ फाइनल मुकाबले की शुरुआत हुई। फाइनल मैच में चंदवा फाइटर और मिशन 11 की टीम आमने-सामने थीं। दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन मैदान पर चंदवा फाइटर का दबदबा देखने को मिला। पहले बल्लेबाजी करते हुए चंदवा फाइटर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और निर्धारित ओवरों में 108 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मिशन 11 की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखाई दी। चंदवा फाइटर के गेंदबाजों ने सटीक लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। लगातार विकेट गिरने से मिशन 11 की टीम मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी और पूरी टीम 65 रन पर सिमट गई। इस तरह चंदवा फाइटर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता चंदवा फाइटर टीम को 51 हजार रुपये नकद पुरस्कार एवं आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं उपविजेता मिशन 11 की टीम को 31 हजार रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों और आयोजकों ने जीत की खुशी में एक-दूसरे को बधाई दी।
कार्यक्रम का सफल संचालन मनीष कुमार चांदो एवं शौरभ श्रीवास्तव ने किया। मैच में अंपायर की जिम्मेदारी विजय सिंह और राहुल कुमार ने निभाई, जबकि स्कोरिंग का कार्य वाजिद खान ने संभाला। आयोजन समिति के दारा सिंह, मंटू केसरी, अंकित कुमार, पवन कुमार, अरविंद कुमार, आलोक कुमार, रंजन सिंह और आकाश कुमार मंटू केशरी रिंकु कुमार मनीष कुमार विराट श्याम संदीप नैतिक उदय कुमार लव राय अक्षय कुमार सहित अनेक सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह में हिमांशु सिंह, राजेंद्र यादव समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया तथा यह संदेश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को उचित अवसर मिले तो वे किसी भी मंच पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर सकते हैं। टूर्नामेंट का सफल आयोजन आने वाले वर्षों में क्षेत्र में खेल गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.