ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप के तहत हेटपोचरा व जराम गांव में नवाचारों की खोज, जिला परिषद अध्यक्ष ने किया शुभारंभ

लातेहार :  झारखंड ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप स्कीम के तहत रविवार को हेटपोचरा पंचायत सभागार में हेटपोचरा एवं जराम गांव के फील्ड विजिट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी ने किया। इस अवसर पर पंचायत सचिवालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता के संदेश के साथ आम का पौधा लगाकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम में चयनित टीम-1 के मेंटर के रूप में बनवारी साहु महाविद्यालय, लातेहार के प्राध्यापक नवल किशोर प्रसाद शामिल हुए। वहीं टीम लीडर अनुप्रिया कुमारी तथा टीम सदस्य नेहा कुमारी, रानी कुमारी एवं प्रीति कुमारी ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में हेटपोचरा पंचायत के मुखिया रामजी सिंह एवं इचाक पंचायत की मुखिया शशि कुजूर सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वक्ताओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद पारंपरिक ज्ञान, स्थानीय नवाचारों और विशिष्ट अनुभवों की पहचान एवं उनके दस्तावेजीकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांवों में अनेक ऐसे नवाचार और पारंपरिक तकनीकें मौजूद हैं, जिन्हें संरक्षित एवं प्रोत्साहित कर समाज के व्यापक हित में उपयोग किया जा सकता है।इस अवसर पर नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय की नोडल पदाधिकारी डॉ. संगीता कुजूर ने कहा कि ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप स्कीम का उद्देश्य गांवों में छिपी प्रतिभाओं, ज्ञान एवं नवाचारों को सामने लाना है। उन्होंने टीम के सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों और ग्रामीणों के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्य करने से यह कार्यक्रम और अधिक प्रभावी तथा उपयोगी बनेगा।
फील्ड विजिट के दौरान टीम ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनके पारंपरिक ज्ञान, स्थानीय तकनीकों और नवाचार संबंधी जानकारियां एकत्रित कीं। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा देने तथा स्थानीय ज्ञान को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.