लातेहार में टेंडर प्रक्रिया पर उठे सवाल, सौरभ श्रीवास्तव ने उपविकास आयुक्त को सौंपा आवेदन

लातेहार : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के चर्चित एवं प्रखर युवा नेता सौरभ श्रीवास्तव ने हाल ही में लातेहार जिले में विभिन्न विभागों द्वारा जारी की गई टेंडर प्रक्रियाओं की पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। इस संबंध में उन्होंने उपविकास आयुक्त, लातेहार से मुलाकात कर एक आवेदन सौंपते हुए जिले में जारी तमाम निविदा प्रक्रियाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।सौरभ श्रीवास्तव ने उपविकास आयुक्त का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया कि विगत दिनों जिले के विभिन्न विभागों में जारी किए गए कई टेंडरों में पारदर्शिता के अभाव एवं गंभीर अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि इन शिकायतों के कारण जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह खड़ा हो रहा है तथा आम लोगों के बीच अविश्वास की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

सौरभ ने मांग की कि ऐसे सभी विवादित टेंडरों को तत्काल प्रभाव से निरस्त करते हुए पुनः अधिक पारदर्शी और ऑनलाइन माध्यम से टेंडर प्रक्रिया संचालित की जाए, ताकि सभी पात्र लोगों को समान अवसर प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का अभाव “सिंडिकेट कल्चर” को बढ़ावा देता है, जिससे स्थानीय स्तर पर कई योग्य और जरूरतमंद लोग रोजगार एवं अवसरों से वंचित रह जाते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि जिला प्रशासन इस विषय को गंभीरता से नहीं लेता है, तो लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन तेज किया जाएगा। साथ ही प्रेस, मीडिया एवं अन्य संवैधानिक माध्यमों से भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा। सौरभ ने स्पष्ट किया कि आवश्यकता पड़ने पर उच्चस्तरीय जांच की मांग भी की जाएगी।उपविकास आयुक्त को दिए गए आवेदन के माध्यम से सौरभ श्रीवास्तव ने उम्मीद जताई है कि विवादित टेंडरों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें रद्द कर पुनः प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
ज्ञात हो कि सौरभ श्रीवास्तव की पहचान जिले में सामाजिक, जनकल्याणकारी एवं जनसरोकार के मुद्दों को मुखरता से उठाने वाले नेता के रूप में रही है। ऐसे में उनकी इस पहल के बाद जिले में टेंडर प्रक्रियाओं को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि यदि जांच होती है तो कई स्तरों पर अनियमितताओं का खुलासा संभव है।
हालांकि, प्रशासन की ओर से इस विषय पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.