चंदवा में झारखंड ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप योजना का शुभारंभ, ग्रामीण नवाचारों के दस्तावेजीकरण पर जोर

लातेहार/चंदवा :  चंदवा पंचायत भवन में गुरुवार को झारखंड ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप योजना के तहत गांव भ्रमण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी ने किया। कार्यक्रम का आयोजन बनवारी साहु महाविद्यालय, लातेहार द्वारा किया गया।

इस अवसर पर अनीता देवी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक ज्ञान, जड़ी-बूटियों से उपचार की विधियां तथा स्थानीय नवाचारों का अमूल्य भंडार मौजूद है। इंटर्नशिप के माध्यम से विद्यार्थी विभिन्न पंचायतों का भ्रमण कर ऐसे नवाचारों एवं पारंपरिक ज्ञान का दस्तावेजीकरण करेंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक पंचायत के लिए चार-चार विद्यार्थियों की टीम गठित की गई है, जो ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के तहत उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप को विशेष महत्व दिया गया है, ताकि उन्हें व्यावहारिक ज्ञान, सामाजिक अनुभव तथा कौशल विकास का अवसर प्राप्त हो सके।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य सह मेंटर प्रो. प्रदीप कुमार तिवारी ने की। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य द्वारा जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं पंचायत समिति सदस्य नीलम देवी, मुखिया एवं पंचायत सचिव आरती सक्सेना को भी सम्मानित किया गया।

मौके पर समाजसेवी अंकित तिवारी, वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. शत्रुघ्न मेहता, पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय के प्राध्यापक तथा इंटर्नशिप कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम के सफल संचालन में पंचायत कर्मी प्रिंस गुप्ता का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इंटर्नशिप कार्यक्रम की दो टीमों में खुशी, अभिषेक, कृति, नुसरत, सपना, पूजा, सुमन एवं मधु ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में नवाचारों की पहचान, संरक्षण और उनके प्रसार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

रिपोर्टर : बब्लू खान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.