खुटगड़ी में भीषण सड़क हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत, कार पेड़ से टकराई

लातेहार : सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोने पिकेट के आगे खुटगड़ी गांव के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा कार और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बाइक को टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।प्राप्त जानकारी के अनुसार कार संख्या JH03 AW 6472 सरयू की ओर से लातेहार आ रही थी, जबकि बाइक पर सवार दो युवक लातेहार से सरयू की ओर जा रहे थे। खुटगड़ी गांव के समीप दोनों वाहनों के बीच सीधी टक्कर हो गई।

घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 
मृतकों की पहचान वीरेंद्र उरांव एवं सुरेंद्र उरांव के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई थे और चंदवा थाना क्षेत्र के मूर्तिया गांव निवासी बुधन उरांव के पुत्र बताए गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी। 
थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार के आधार पर वाहन मालिक और चालक की पहचान की जा रही है। फरार कार सवारों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। 
घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड उपप्रमुख राजकुमार प्रसाद एवं पूर्व मुखिया जुलेश्वर लोहरा घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

रिपोर्टर : बब्लू खान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.