मोनोनाईट मिशन की जमीन पर अवैध निर्माण का आरोप, मसीही आदिवासी समाज ने एसडीओ से की शिकायत

बालूमाथ : बालूमाथ प्रखंड के जोगियाडीह स्थित बिहार मोनोनाईट मिशन की जमीन पर कथित रूप से अवैध निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मसीही आदिवासी समाज के लोगों ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) लातेहार को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में बताया गया है कि जोगियाडीह गांव स्थित आरएस खाता संख्या-95, प्लॉट संख्या-296 तथा आरएस खाता संख्या-18, प्लॉट संख्या-196 की भूमि बिहार मोनोनाईट मिशन की है। आरोप है कि 12 जून को मोहम्मद इमरान द्वारा उक्त भूमि पर चारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा था। जब मिशन संस्था से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी मांगी, तो कथित रूप से उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि विरोध करने पर गाली-गलौज की गई तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। साथ ही चारदीवारी निर्माण कार्य को जबरन जारी रखने का प्रयास किया गया। मसीही आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने एसडीओ से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर अवैध निर्माण कार्य पर रोक लगाने तथा आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। दिए आवेदन में सुमित तिग्गा, जयप्रकाश टोप्पो, ऊषा तिर्की, रीना कुजूर, संतोष तिग्गा, शंकर साहू समेत कई के हस्ताक्षर दर्ज है।

रिपोर्टर : मो० अरबाज

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.