टोरी रेलवे फाटक पर ‘मौत के जाम’ से मुक्ति दिलाने की मांग, सामाजिक विचार मंच ने पीएम मोदी को भेजा पत्र

चंदवा - लातेहार जिले के चंदवा स्थित टोरी रेलवे समपार फाटक पर लगातार लगने वाले जाम की गंभीर समस्या को लेकर सामाजिक विचार मंच ने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) का ध्यान आकृष्ट कराया है। मंच के संयोजक कवलजीत सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर टोरी रेलवे फाटक पर शीघ्र रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कराने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि टोरी जंक्शन धनबाद रेल मंडल के प्रमुख राजस्व देने वाले स्टेशनों में शामिल है, लेकिन यहां अब तक रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण नहीं हो सका है। फाटक पर दिनभर मालगाड़ियों और अन्य ट्रेनों की आवाजाही के कारण यह 15 से 20 घंटे तक बंद रहता है, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। सामाजिक विचार मंच ने बताया कि जाम के कारण स्कूली बच्चों, दैनिक यात्रियों और विशेष रूप से मरीजों को लेकर जाने वाली एम्बुलेंसों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हो जाती हैं। मंच का कहना है कि स्थानीय लोग और विभिन्न समाचार माध्यम लंबे समय से इस समस्या को उठा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

कवलजीत सिंह ने प्रधानमंत्री से मांग की है कि आम जनता की परेशानी को देखते हुए टोरी रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया को जल्द शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को वर्षों पुरानी जाम की समस्या से राहत मिल सके।

रिपोर्टर - बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.