लातेहार जिला अध्यक्ष बनने के बाद निशांत का बड़ा दावा, गांव-गांव तक पहुंचाएंगे जेएलकेएम।

लातेहार - झारखंड क्रांतिकारी लोकतांत्रिक पार्टी (जेएलकेएम) के लातेहार जिला अध्यक्ष बनाए जाने के बाद निशांत कुमार ने कहा कि जिले में गरीबों और आम लोगों के कई कार्य सरकारी कार्यालयों में लंबित पड़े रहते हैं। लोगों को अपने काम के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ता है, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। निशांत कुमार ने कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेता एवं विधायक जयराम महतो ने उन पर भरोसा जताकर जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। वह संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे तथा प्रखंड और पंचायत कमेटियों का विस्तार करेंगे। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में लातेहार और मनिका विधानसभा सीटों पर पार्टी को मजबूत कर जीत दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के सूरज साहू,मनोज यादव,उपेंद्र मंडल,माही पटेल और प्रेम नायक ने उन पर विश्वास जताया है, जिसके लिए वह आभार व्यक्त करते हैं। युवाओं को संबोधित करते हुए निशांत कुमार ने कहा कि बेरोजगार और शिक्षित युवा जेएलकेएम से जुड़कर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ें। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा युवाओं, छात्रों और वंचित वर्गों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने ओबीसी छात्रों की छात्रवृत्ति के मुद्दे को उदाहरण बताते हुए कहा कि जयराम महतो ने विधानसभा में इस विषय को उठाया, जिसके बाद छात्रों को लाभ मिलने लगा। उन्होंने दावा किया कि जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों की रक्षा के लिए जेएलकेएम लगातार संघर्ष कर रही है।

रिपोर्टर - बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.