सासंग पंचायत में बन रही सड़क की गुणवत्ता पर उठे सवाल, जांच कर पुनर्निर्माण की मांग

लातेहार : सदर प्रखंड के सासंग पंचायत में ग्रामीण कार्य विभाग से बन रही पीसीसी सड़क के निर्माण कार्य का ग्रामीणों ने विरोध किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पतरातू चौक से सासंग-कोढ़हास तक बनने वाली यह सड़क कई दशकों के इंतजार के बाद बन रही है, लेकिन संवेदक द्वारा निर्माण कार्य में भारी अनियमितता बरती जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों तक जर्जर सड़क पर आवागमन करने के बाद अब जब सड़क निर्माण शुरू हुआ है तो गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण से पूर्व न तो मेटल बिछाया गया और न ही आवश्यक मात्रा में डस्ट डाला गया। सड़क की ढलाई के दूसरे ही दिन कई स्थानों पर दरारें दिखाई देने लगी हैं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण में सीमेंट के साथ क्रेशर से लाया गया निम्न गुणवत्ता का डस्ट एवं केमिकल का प्रयोग किया जा रहा है। इसके कारण सड़क कमजोर हो रही है और जगह-जगह दरारें पड़ रही हैं। साथ ही सड़क की ढलाई के बाद पर्याप्त पानी का छिड़काव भी नहीं किया जा रहा है, जिससे निर्माण सामग्री उड़कर लोगों के घरों तक पहुंच रही है और परेशानी बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पुनः निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसकी मजबूती सुनिश्चित होना जरूरी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। मौके पर अबूजर मियां  कलीम अंसारी  महफूज अंसारी हाफिज मियां मंसूर मियां  अमीन मियां मोहम्मद ऐनुल हक  समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।वहीं कार्यपालक अभियंता ओम प्रकाश बड़ाईक से दूरभाष पर संपर्क किया गया । पर उनके द्वारा  फोन नहीं उठाया। गया

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.