संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला; परिजनों ने कई लोगों पर हत्या का लगाया आरोप
लावालौंग : थाना क्षेत्र के बघमारी गांव निवासी अजय गंझू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद गांव में शोक एवं आक्रोश का माहौल है। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं तथा पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक अजय गंझू का बेलाटांड़ गांव निवासी बालेश्वर गंझू की पत्नी के साथ कथित प्रेम प्रसंग होने की चर्चा क्षेत्र में थी, तथा कई बार सामाजिक पंचायत भी किया गया था। बताया जाता है कि घटना के दिन अजय उक्त महिला से मिलने बेलाटांड़ गांव गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद उत्पन्न होने की बात सामने आ रही है।मृतक के परिजनों का आरोप है कि महिला के परिजनों एवं उनके सहयोगियों ने अजय को बेलाटांड़ के जंगल की ओर ले जाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। परिजनों के अनुसार, मारपीट में अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि इसके बाद उसे बघमारी गांव लाकर छोड़ दिया गया।परिजनों का कहना है कि गंभीर रूप से घायल अजय किसी तरह अपने घर पहुंचा, जहां कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। वहीं ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि घटना को छिपाने के उद्देश्य से उसे गांव लाकर छोड़ दिया गया था।हालांकि, इन आरोपों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कई लोगों पर घटना में संलिप्त होने का आरोप लगाया है।वही पत्रकारों ने नामजद इन सभी लोगों से बात चित करने का प्रयास किया तो घर से गायब था।घर में तला हुआ मिला।घटना की सूचना मिलने के बाद लावालौंग थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है तथा संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।इस संबंध में थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आ रही है तथा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। हालांकि, अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों द्वारा आवेदन दिए जाने की बात कही गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं प्राप्त आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समाचार में लगाए गए सभी आरोप परिजनों एवं ग्रामीणों के कथनों पर आधारित हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस की आधिकारिक रिपोर्ट आना शेष है।
रिपोर्टर : मो0 साजिद
No Previous Comments found.