पुश्तैनी जमीन पर कथित अवैध म्यूटेशन का आरोप, बिक्री की आशंका, कार्रवाई की मांग

बालूमाथ : बालूमाथ प्रखंड के झाबर गांव निवासी राजपति प्रजापति ने अपनी पुश्तैनी जमीन पर कथित अवैध ऑनलाईन म्यूटेशन कर दूसरे के नाम रसीद काटे जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग की है। शनिवार को राजपति प्रजापति अपने परिजनों के साथ बालूमाथ अंचल कार्यालय पहुंचे और अंचलाधिकारी के नाम आवेदन सौंपकर अवैध म्यूटेशन रद्द करने तथा पुश्तैनी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई। आवेदन में राजपति प्रजापति ने बताया कि उनकी पुश्तैनी भूमि वर्ष 1916 में हुकुमनामा के माध्यम से उनके दादा पैरवा कुम्हार को प्राप्त हुई थी। इसके बाद जमींदारी व्यवस्था से लेकर सरकारी व्यवस्था तक वर्ष 2010 तक उक्त भूमि की ऑफलाईन रसीद नियमित रूप से कटती रही। उन्होंने बताया कि लगभग 5 एकड़ 12 डिसमिल भूमि पुराने खाता संख्या 01, 106, 09 एवं 05 तथा प्लॉट संख्या 622, 633 एवं 666 से संबंधित है। इस भूमि का रिकॉर्ड रजिस्टर-2 में भी दर्ज है। राजपति प्रजापति का आरोप है कि नए सर्वे के बाद उनकी उक्त जमीन का ऑनलाइन रिकॉर्ड मुरली साहू (पिता प्रताप साहू) एवं प्रमोद साहू (पिता बालगोविंद साहू) के नाम दर्ज कर दिया गया। आवेदन के अनुसार मुरली साहू ने 10 अप्रैल 2026 को ऑनलाइन म्यूटेशन के लिए आवेदन किया था, जिसके बाद 15 जून 2026 को उनके नाम से ऑनलाइन रसीद भी जारी कर दी गई। आवेदक का कहना है कि उनके पूर्वज करीब 110 वर्षों से इस भूमि पर खेती-बाड़ी करते आ रहे हैं। इसके बावजूद कथित रूप से गलत तरीके से ऑनलाईन म्यूटेशन कर जमीन की बिक्री की तैयारी की जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनकी पुश्तैनी संपत्ति पर अवैध कब्जा या बिक्री हो सकती है। राजपति प्रजापति ने अंचलाधिकारी एवं उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित अवैध म्यूटेशन को निरस्त करने, दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा उनकी पुश्तैनी जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। दिए आवेदन में अनिल प्रजापति,शंकर प्रजापति, सावित्री देवी, रमेश प्रजापति राजपति प्रजापति,लालो देवी, डिकी प्रजापति कई लोगों के हस्ताक्षर है।

रिपोर्टर : मो० अरबाज 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.