राष्ट्रीय अंबेडकर सेवा समिति द्वारा प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन, मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित

लावालौंग : राष्ट्रीय अंबेडकर सेवा समिति के तत्वावधान में लावालौंग में आयोजित एक गरिमामयी प्रतिभा सम्मान समारोह में क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र / छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर उनका सम्मान किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. नंद किशोर सिंह सुलभ विभागाध्यक्ष, बीएड, चतरा कॉलेज) एवं विशिष्ट अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी विपिन कुमार भारती  द्वारा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. नंद किशोर सिंह सुलभ ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का मंत्र दिया। वहीं, विशिष्ट अतिथि बीडीओ विपिन कुमार भारती ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान करना समाज को नई दिशा देने का कार्य करता है, जिससे विद्यार्थियों का आत्मविश्वास और उत्साह बढ़ता है।

युवा सशक्तिकरण के लिए संकल्पित है समिति
कार्यक्रम के आयोजक रंजय भारती झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष, किसान मोर्चा ने कहा कि समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना राष्ट्रीय अंबेडकर सेवा समिति का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में समिति भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन करती रहेगी ताकि सुदूर क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय बुद्धिजीवियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर मुख्य रूप से शंकर साहू, रक्तमित्र के संस्थापक विवेक केशरी,भाजपा मंडल अध्यक्ष खगेश्वर साहू, पंकज केशरी, चतरा कॉलेज के पूर्व एबीवीपी छात्र अध्यक्ष रवि विश्वकर्मा, नीरज चंद्रवंशी, अक्षय ठाकुर, चुरामन साहू, अरविंद नंद कश्यप, विरोधी गंझू एवं रामजीत गंझू सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में मेधावी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।

रिपोर्टर : मो0 साजिद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.