ड्यूटी से नदारत मिले डॉक्टर, डीसी ने जताई नाराज़गी
लावालौंग : चतरा उपायुक्त रवि आनंद ने शनिवार को प्रखंड क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विकास योजनाओं की समीक्षा की, स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी और शिक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। दौरे की शुरुआत प्रखंड कार्यालय से हुई, जहां उपायुक्त ने प्रखंड एवं अंचल कर्मियों के साथ समीक्षात्मक बैठक कर विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने लंबित योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया। इसके बाद उपायुक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। निरीक्षण के दौरान डॉक्टरों का ड्यूटी से अनुपस्थित मिलने पर गहरी चिंता जताते हुए नाराज़गी जताई। उन्होंने अस्पताल कर्मियों को कड़ी फटकार लगाते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी दी। साथ ही नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कर मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके उपरांत उपायुक्त प्रखंड मुख्यालय स्थित बिरहोर कॉलोनी के आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने आंगनबाड़ी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित कर्मियों को एसआईआर कार्य विशेष सावधानी और गंभीरता के साथ करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विलुप्तप्राय आदिम जनजाति बिरहोर समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को बिरहोर परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके बाद उपायुक्त कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने छात्राओं से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कुछ समय तक कई विषयों पर विशेष चर्चा करते हुए छात्राओं को पढ़ाया, जिससे छात्राओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। उन्होंने स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास एवं अन्य सुविधाओं का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दौरे में उपायुक्त खईवा बंदारू के लिए रवाना हुई तथा कटिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मिथलेश कुमार चौबे ने अपने क्षेत्र की कई समस्याओं को विस्तार से रखा, तथा ख़ैवा/ बंदारू को सुंदरीकरण करने को लेकर डीसी को ध्यान केंद्रित करवाए। पूरे दौरे के दौरान उनके साथ बीडीओ सह सीओ विपिन कुमार भारती, प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी राजेश कुमार,नेमन भारती और जनसेवक विनय कुमार चौधरी समेत दर्जनों प्रखंड कर्मी व ग्रामीण उपस्थित थे।
रिपोर्टर : मो0 साजिद
No Previous Comments found.