केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू को भाजपा जिलाध्यक्ष बंशी यादव ने सौंपा ज्ञापन, लातेहार की विभिन्न जनसमस्याओं से कराया अवगत

लातेहार : भारतीय जनता पार्टी, जिला लातेहार के जिलाध्यक्ष  बंशी यादव ने भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री  तोखन साहू को लातेहार जिले की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास संबंधी मांगों को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने जिले के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार के स्तर पर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। ज्ञात हो कि केंद्रीय राज्य मंत्री  तोखन साहू अपने दो दिवसीय झारखंड दौरे के अंतिम दिन लातेहार पहुंचे। इस अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय एवं विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ-साथ उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात कर जिले की विकास संबंधी आवश्यकताओं पर चर्चा की। जिलाध्यक्ष  बंशी यादव ने ज्ञापन के माध्यम से लातेहार नगर पंचायत एवं जिले की प्रमुख समस्याओं की ओर मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया। ज्ञापन में नगर क्षेत्र में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान, नाली एवं सड़क निर्माण, आधुनिक ठोस अपशिष्ट (सॉलिड वेस्ट) प्रबंधन संयंत्र की स्थापना, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर (EWS) एवं निम्न आय वर्ग (LIG) के अधिक से अधिक पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने, HUDCO, NBCC एवं CPWD जैसी केंद्रीय संस्थाओं के माध्यम से आधारभूत संरचना का विकास, तथा ऐतिहासिक पलामू किला के पुनर्विकास एवं पर्यटन के रूप में विकसित करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल थी।

इसके अतिरिक्त ज्ञापन में नगर क्षेत्र के समुचित विकास के लिए सड़क, नाली, पेयजल, शहरी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, पर्यावरण संरक्षण एवं वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन व्यवस्था को प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया, ताकि लातेहार को एक स्वच्छ, सुंदर एवं आधुनिक नगर के रूप में विकसित किया जा सके। केंद्रीय राज्य मंत्री  तोखन साहू ने ज्ञापन प्राप्त कर सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करने तथा संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक पहल की जाएगी। इस अवसर पर भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी गई मांगों पर शीघ्र कार्रवाई होने से लातेहार जिले के विकास को नई गति मिलेगी

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.